JPSC-JSSC आंदोलन में बवाल: छात्रों पर लाठीचार्ज, पुलिसकर्मियों पर भी हमला... Video देखिए
PSC-JSSC छात्रों का विधानसभा घेराव सोमवार को उग्र हो गया. बैरिकेड तोड़कर विधानसभा के करीब पहुंचे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया. इसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच सीधी भिड़ंत हो गई.


Ranchi: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का विधानसभा घेराव सोमवार दोपहर तक बेहद उग्र हो गया. विधानसभा की ओर बढ़ रही छात्रों की भारी भीड़ ने रास्ते में लगाए गए बैरिकेड लगातार तोड़े और सुरक्षा घेरे को पार करते हुए विधानसभा के करीब पहुंच गई. छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और इसके बाद पुराने विधानसभा के पास लाठीचार्ज किया गया. लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी और पुलिस आमने-सामने आ गए. इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कुछ छात्रों को चोटें आई हैं और पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. विधानसभा के आसपास नारेबाजी, धक्का-मुक्की और हंगामे के बीच सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया गया है. दूसरी ओर छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी विधानसभा के पास धरने पर बैठ गए हैं.
बैरिकेड दर बैरिकेड टूटता गया घेरा
सुबह से शुरू हुआ छात्रों का मार्च जैसे-जैसे विधानसभा की ओर बढ़ा, वैसे-वैसे पुलिस के लिए चुनौती बढ़ती गई. 24 जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों का हुजूम पुराने विधानसभा भवन से नए विधानसभा की ओर निकला था. प्रशासन ने रास्ते में कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी. मकसद साफ था—प्रदर्शनकारियों को विधानसभा के संवेदनशील क्षेत्र तक पहुंचने से रोकना. लेकिन छात्रों ने एक के बाद एक बैरिकेड हटा दिए. कई जगह प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड खींचकर रास्ता साफ किया और आगे बढ़ते चले गए. मुख्य सड़क पर पुलिस का घेरा कड़ा हुआ तो कुछ छात्र कच्चे और वैकल्पिक रास्तों से भी विधानसभा की तरफ बढ़े. जगन्नाथपुर मंदिर के पास पहुंचते-पहुंचते प्रदर्शनकारियों की संख्या और दबाव दोनों बढ़ गए. पुलिस ने यहीं उन्हें रोकने के लिए सुरक्षा घेरा मजबूत किया.
वाटर कैनन के बाद लाठीचार्ज, फिर पुलिस और छात्रों में सीधी भिड़ंत
छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन चलाया. पानी की तेज बौछारों के बीच भी प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं दिखे. छात्र लगातार नारे लगाते रहे और बैरिकेड के सामने डटे रहे. इसके बाद पुराने विधानसभा के पास स्थिति और बिगड़ गई. छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया. लाठीचार्ज के बाद भगदड़ और अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को भी पीटा. पुलिस और छात्रों के बीच हुई इस भिड़ंत ने पूरे इलाके का माहौल अचानक बेहद तनावपूर्ण कर दिया. सड़क पर जगह-जगह जूते-चप्पल बिखरे नजर आए. छात्र इधर-उधर भागते और फिर दोबारा बैरिकेड के पास जुटते दिखाई दिए. पुलिस ने भीड़ को पीछे धकेलने और विधानसभा की तरफ जाने वाले रास्ते को सुरक्षित रखने की कोशिश जारी रखी.
पत्थरबाजी से लेकर धक्का-मुक्की तक
हंगामे के दौरान पत्थरबाजी भी हुई. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच लगातार धक्का-मुक्की होती रही. हालात को संभालने के लिए JPSC-JSSC रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधियों ने भी छात्रों के बीच पहुंचकर शांति बनाए रखने की अपील की. प्रतिनिधिमंडल ने मानव श्रृंखला बनाकर छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की. छात्रों से कहा गया कि वे विधानसभा गेट की तरफ न जाएं और तय स्थान पर ही धरना दें. लेकिन बड़ी संख्या में मौजूद प्रदर्शनकारियों के कारण भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल बना रहा. दूसरी तरफ पुलिस ने भी सुरक्षा घेरे को और मजबूत कर दिया. विधानसभा के आसपास पहले से ही भारी पुलिस बल, दंगा नियंत्रण वाहन और वाटर कैनन तैनात थे. अब उग्र स्थिति के बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.




Leave a comment