वाराणसी एयरपोर्ट पर पैसेंजर की पिस्टल से चली गोली, दो स्क्रीनर घायल
मुंबई जाने वाले एक पैसेंजर की पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया, जिसमें एयरपोर्ट पर तैनात दो स्क्रीनर घायल हो गए. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

वाराणसी: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सिक्योरिटी चेक के दौरान अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक, मुंबई जाने वाले एक पैसेंजर की पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया, जिसमें एयरपोर्ट पर तैनात दो स्क्रीनर घायल हो गए. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, यात्री उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है और अपनी पत्नी के साथ मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था. दोनों को एयर इंडिया की IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जाना था.
हथियार की जांच के दौरान चली गोली
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9:30 बजे सिक्योरिटी चेक के दौरान यात्री ने अपने पास हथियार होने की जानकारी दी. इसके बाद AAICLAS (AAI Cargo Logistics & Allied Services) के स्क्रीनर पिस्टल की जांच कर रहे थे. इसी दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया.
गोली चलने से दो AAICLAS स्क्रीनर घायल हो गए. घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल अलर्ट कर दिया गया.
जांच में जुटे अधिकारी
घायल दोनों स्क्रीनरों को तत्काल न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट के अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं.
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले की जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली और सुरक्षा जांच के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन कैसे हुआ. घटना को लेकर आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






Leave a comment