Bihar MLC Election 2026: बिहार में कल 933 केंद्रों पर वोटिंग, 150 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर; पटना स्नातक सीट पर नजर
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा. कुल 150 प्रत्याशी मैदान में हैं. पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के मुकाबले पर सबकी नजर है.

Patna: बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. राज्य की आठ विधान परिषद सीटों पर शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा. इसके लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर कुल 150 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 5,32,847 मतदाता करेंगे. मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा. चुनाव के लिए कुल 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न कराए जाने का कार्यक्रम है.
इस चुनाव में एनडीए, महागठबंधन, जन सुराज और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है. हालांकि, सबसे अधिक चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की हो रही है. यहां जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार और जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के बीच मुकाबले के साथ राजनीतिक खींचतान भी चर्चा में है. मतदान से ठीक पहले इस सीट पर राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की गतिविधियों पर सबकी नजरें टिकी हैं.
आठ सीटों पर चुनाव, 5.32 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
बिहार विधान परिषद की जिन आठ सीटों पर चुनाव हो रहा है, उनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक कोटे की सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं. वहीं, शिक्षक कोटे की सीटें पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण हैं. निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कुल 5,32,847 मतदाताओं में 3,86,199 पुरुष और 1,46,611 महिला मतदाता शामिल हैं. इसके अलावा 37 थर्ड जेंडर मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 4,92,594 मतदाता हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 40,253 मतदाता पंजीकृत हैं. कुल 150 प्रत्याशियों में 90 उम्मीदवार स्नातक कोटे की चार सीटों के लिए और 60 उम्मीदवार शिक्षक कोटे की चार सीटों के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. मतदान के बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी.
पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार और अनुज सिंह के मुकाबले पर नजर
आठ सीटों में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सबसे अधिक चर्चा में है. जेडीयू ने मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार को फिर से मैदान में उतारा है. वह इस सीट से लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने की कोशिश में हैं. दूसरी ओर, जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह भी मुकाबले में हैं. इस सीट पर राजनीतिक समीकरण इसलिए भी दिलचस्प हो गए हैं, क्योंकि विधायक अनंत सिंह के नीरज कुमार के विरोध की चर्चा चुनावी माहौल में बनी हुई है. मतदान से ठीक पहले नीरज कुमार और नीतीश कुमार की मुलाकात की खबर भी सुर्खियों में रही. इसे उम्मीदवार के लिए राजनीतिक समर्थन और मनोबल बढ़ाने वाले घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है. अब मतदाताओं के रुख पर सबकी नजर है. क्या नीरज कुमार अपनी सीट बचाने में सफल होंगे या मुकाबले में कोई नया राजनीतिक समीकरण सामने आएगा, इसका फैसला मतगणना के बाद होगा. बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों के नतीजे राज्य की राजनीति में विभिन्न दलों की स्थिति और स्नातक-शिक्षक मतदाताओं के रुझान का संकेत भी देंगे.

