रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत! साहिबगंज-बड़हरवा रेलखंड पर सामान्य हुआ परिचालन
साहिबगंज-बड़हरवा रेलखंड में सकरीगली और महाराजपुर के बीच 29 सितंबर से बंद डाउन लाइन को 6 अक्टूबर को 11:58 बजे परिचालन के लिए फिट घोषित कर बहाल कर दिया गया. इसके साथ ही ट्रेनों का सामान्य परिचालन शुरू हो गया है.

Sahebganj: साहिबगंज-बड़हरवा रेलखंड में सकरीगली और महाराजपुर स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध में कटाव के कारण 29 सितंबर से बंद डाउन लाइन को मंगलवार को बहाल कर दिया गया. ट्रैक के पुनर्वास और बहाली का काम पूरा होने के बाद 6 अक्टूबर को सुबह 11:58 बजे डाउन लाइन को यात्री, मेल/एक्सप्रेस और मालगाड़ियों के परिचालन के लिए फिट घोषित किया गया. इसके साथ ही इस रेलखंड पर ट्रेनों का सामान्य परिचालन शुरू हो गया है. डाउन लाइन बहाल होने के बाद पहले रद्द, बदले मार्ग से चल रही तथा आंशिक रूप से समाप्त या प्रारंभ की गई ट्रेनों का परिचालन भी निर्धारित मार्ग और गंतव्य तक बहाल कर दिया गया.
रद्द और बदले मार्ग वाली ट्रेनें अपने रूट पर लौटेंगी
6 अक्टूबर से 63406 साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू, 63073 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू, 53487 तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर, 53411 बड़हरवा-साहिबगंज पैसेंजर, 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर और 53490 राजमहल-तीनपहाड़ पैसेंजर का परिचालन बहाल कर दिया गया है. वहीं 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, 13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस और 03030 नतेसर-हावड़ा स्पेशल 6 अक्टूबर से अपने निर्धारित मार्ग पर चलेंगी. 53029 आजिमगंज-भागलपुर पैसेंजर और 13410 किऊल-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस भी 6 अक्टूबर से निर्धारित गंतव्य तक चलेंगी. जबकि 53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर और 53030 भागलपुर-आजिमगंज पैसेंजर 7 अक्टूबर से अपने निर्धारित स्टेशन से परिचालन करेंगी.


