वन्यजीव सप्ताह के तहत साहिबगंज में जलीय जीव संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान
साहिबगंज के सेंट जेवियर्स स्कूल, कोटालपोखर में वन्यजीव सप्ताह 2026 के तहत जलीय जीव संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. विद्यार्थियों को गंगा डॉल्फिन, नदी संरक्षण, स्वच्छ जल और जैव विविधता के महत्व की जानकारी दी गई.

Sahebganj: वन्यजीव सप्ताह 2026 के तहत वन प्रमंडल की ओर से मंगलवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, कोटालपोखर में जलीय जीव संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गंगा नदी, गंगा डॉल्फिन समेत अन्य जलीय जीवों के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई. वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने कहा कि गंगा डॉल्फिन स्वस्थ जलीय पारिस्थितिकी तंत्र की महत्वपूर्ण पहचान है. उन्होंने कहा कि नदी और जलीय जीवों के संरक्षण के लिए विद्यार्थियों के साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी जरूरी है. मुख्य वक्ता आशुतोष कुमार ने गंगा डॉल्फिन की जीवनशैली, आवास, भोजन, व्यवहार और पारिस्थितिकी में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी.
स्वच्छ जल और जैव विविधता संरक्षण का समझाया महत्व
कार्यक्रम में सृष्टि गंगा परिषद के अध्यक्ष व शिक्षक मुकेश चौधरी ने स्वच्छ जल और मीठे पानी के पारिस्थितिकी तंत्र के महत्व को समझाया. वहीं नमामि गंगे के जिला परियोजना पदाधिकारी अमित मिश्रा ने गंगा, जलीय जीवों और स्थानीय समुदाय के संबंधों पर प्रकाश डाला. विद्यार्थियों को बताया गया कि नदी संरक्षण केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जल, जैव विविधता और जलीय आवास का संरक्षण भी इसका अहम हिस्सा है. विद्यार्थियों से जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की गई. विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर स्टीफन राज एसजे ने अतिथियों का स्वागत किया. कार्यक्रम में वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे, वनपाल राणा रंजीत चौधरी, प्रधान वनरक्षी सनी रजक समेत शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे.


