खान सर के खिलाफ FIR दर्ज, फायरिंग और आर्म्स एक्ट मामले में कदमकुआं थाना करेगी पूछताछ
“पटना के चर्चित शिक्षक और कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. फायरिंग विवाद मामले में पटना पुलिस ने उनके खिलाफ कदमकुआं थाना में प्राथमिकी दर्ज की है.”

Patna: पटना के चर्चित शिक्षक और कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. फायरिंग विवाद मामले में पटना पुलिस ने उनके खिलाफ कदमकुआं थाना में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने खान सर पर हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. जानकारी के अनुसार, यह एफआईआर पुलिस द्वारा स्वतः संज्ञान लेते हुए दर्ज की गई है. मामला खान सर के अंगरक्षक द्वारा कथित फायरिंग की घटना से जुड़ा हुआ है, जिसकी जांच फिलहाल जारी है.
FIR के बाद सामने आए खान सर
एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर मीडिया के सामने आए और अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि वीडियो में जो गार्ड गोली चलाते हुए दिखाई दे रहा है, उसने संभवतः आत्मरक्षा (Self Defence) में फायरिंग की होगी. खान सर ने कहा, “उस समय क्या परिस्थितियां थीं, यह जांच का विषय है. फायरिंग की घटना की मुझे जानकारी नहीं थी. पुलिस जांच में हम पूरा सहयोग करेंगे.”
पुलिस ने पहले भी की थी पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, बीते 4 जून को पटना पुलिस ने इस मामले में खान सर से लंबी पूछताछ की थी. अब एफआईआर दर्ज होने के बाद उनसे दोबारा पूछताछ किए जाने की संभावना जताई जा रही है. पुलिस इस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. घटना से जुड़े कई वीडियो फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी
फायरिंग और कोचिंग विवाद से जुड़े इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन अन्य लोग और खान सर के दो अंगरक्षक शामिल हैं. गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में पटना के बेऊर जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने खान सर के दोनों अंगरक्षकों के हथियार भी जब्त कर लिए हैं.
आगे और गिरफ्तारियां संभव
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं. बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान खान सर के अंगरक्षकों ने फायरिंग की बात स्वीकार की है. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में इस मामले में नए खुलासे हो सकते हैं. वहीं, खान सर की संभावित गिरफ्तारी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.


