फर्जी पहचान, ISI कनेक्शन और जासूसी का आरोप! कोलकाता में पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार
कोलकाता के हाबड़ा से बंगाल STF ने पाकिस्तान के फैसलाबाद निवासी राणा रऊफ को ISI एजेंट होने के संदेह में गिरफ्तार किया है. आरोप है कि वह फर्जी भारतीय पहचान और दस्तावेजों के सहारे तपसिया इलाके में रह रहा था .

Kolkata: पश्चिम बंगाल में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है. बंगाल एसटीएफ ने कोलकाता के हाबड़ा इलाके से एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने का गंभीर संदेह है. जांच में आरोपी की पहचान पाकिस्तान के फैसलाबाद निवासी राणा रऊफ के रूप में हुई है. आरोप है कि वह फर्जी भारतीय पहचान के सहारे लंबे समय से भारत में रह रहा था.
फर्जी पहचान बनाकर भारत में रह रहा था आरोपी
जांच अधिकारियों के मुताबिक, राणा रऊफ ने नेपाल सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश किया था. इसके बाद उसने भारत में स्थायी रूप से रहने के लिए कथित तौर पर फर्जी पहचान और दस्तावेज तैयार करवाए. उसके पास से आधार कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि भारत में उसने अपनी पहचान बदल ली थी. यहां वह कथित तौर पर दूसरे नाम से रह रहा था और अपने दस्तावेजों में कोलकाता के तपसिया इलाके का पता इस्तेमाल करता था. एसटीएफ ने आरोपी के पास से मिले दस्तावेजों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
भारतीय सेना और रेलवे से जुड़ी जानकारी जुटाने का आरोप
प्रारंभिक जांच में राणा रऊफ के ISI से कथित संबंधों की जानकारी सामने आई है. जांच एजेंसियों को संदेह है कि वह भारत में रहकर भारतीय सेना, नौसेना और रेलवे से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां जुटाता और उन्हें आगे भेजता था. आरोप है कि रऊफ अलग-अलग स्थानों पर मौजूद सैन्य शिविरों और वहां चल रही गतिविधियों से जुड़ी जानकारी हासिल करता था. हालांकि, इन आरोपों की पूरी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
बांग्लादेश भागने की फिराक में था राणा
एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, राणा रऊफ को आशंका थी कि सुरक्षा एजेंसियां उस तक पहुंच सकती हैं. इसी वजह से वह भारत से बाहर निकलने की तैयारी कर रहा था. जांच एजेंसियों को संदेह है कि वह बांग्लादेश के रास्ते भारत से फरार होने की योजना बना रहा था. इसी मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है. उस पर राणा रऊफ के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने में मदद करने का आरोप है. एसटीएफ अब दोनों आरोपियों के बीच संबंध और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क की जांच कर रही है.
बर्धमान से भी ISI कनेक्शन में गिरफ्तारी
पश्चिम बंगाल में कथित ISI नेटवर्क को लेकर एसटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी है. कुछ दिन पहले बर्धमान के एक जिम से हामिम नाम के व्यक्ति को भी ISI एजेंट होने के संदेह में गिरफ्तार किया गया था. इस मामले में उसकी कथित प्रेमिका और एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया था. अब राणा रऊफ की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इन मामलों के बीच कोई सीधा संबंध है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कराने में आरोपी की मदद किस-किस ने की और भारत में उसका नेटवर्क कितना बड़ा था. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं. जांच के दौरान सामने आने वाली जानकारियों से कथित जासूसी नेटवर्क और आरोपियों के संपर्कों की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment