CJP Protest: IGI एयरपोर्ट पर अभिजीत दीपके हिरासत में, दिल्ली में 500 से ज्यादा प्रदर्शनकारी डिटेन
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संस्थापक अभिजीत दीपके समेत सौरव दास और आशुतोष रांका को IGI एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से हिरासत में लिया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, 500 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को भी डिटेन किया गया है.

CJP Protest: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है. शनिवार को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर विमान के लैंड करते ही CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस अधिकारियों के विमान के अंदर पहुंचते ही स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई. इस दौरान CJP नेताओं और पुलिस के बीच बातचीत हुई. अभिजीत दीपके ने पुलिस से कहा कि वह गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं, जबकि पुलिसकर्मियों ने इसे गिरफ्तारी के बजाय हिरासत की कार्रवाई बताते हुए उनसे सहयोग करने की अपील की. इसके बाद तीनों को विमान से उतारकर बस में ले जाया गया.
CJP ने अपने नेताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा की है. पार्टी के मुताबिक, अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पहुंचने के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया. वहीं, दिल्ली में प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. खबर के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान 500 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को भी डिटेन किया गया है. पुलिस की ओर से हिरासत में लिए गए लोगों के संबंध में आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
इसी बीच, यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार इलाके से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है. बताया गया है कि दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि ध्रुव राठी अपने माता-पिता के पास आए हैं. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस के साथ जानकारी साझा की और संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. CJP आज दिल्ली में प्रदर्शन करने वाली थी, जिसके चलते राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस की कार्रवाई और CJP नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद घटनाक्रम पर सभी की नजरें बनी हुई हैं.


