अयोध्या से जनकपुर पहुंची पहली सीधी ट्रेन, 20 घंटे में पूरा हुआ राम-जानकी का सफर; मोदी-बालेन ने दिखाई थी हरी झंडी
अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच पहली सीधी ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस मंगलवार सुबह नेपाल पहुंच गई. करीब 20 घंटे के सफर के बाद जनकपुर स्टेशन पर यात्रियों का फूल बरसाकर स्वागत किया गया. जानिए इस ट्रेन का रूट, स्टॉपेज, कोच और परिचालन से जुड़ी पूरी जानकारी.

Ayodhya :- भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर अब सीधे रेल मार्ग से जुड़ गई हैं. अयोध्या से जनकपुर धाम के लिए शुरू हुई पहली सीधी ट्रेन **सरयू-कमला एक्सप्रेस** मंगलवार सुबह करीब 9:35 बजे नेपाल के जनकपुर धाम स्टेशन पहुंच गई. सोमवार दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने अयोध्या कैंट स्टेशन से सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था. करीब 20 घंटे का सफर पूरा कर ट्रेन जनकपुर पहुंची, जहां यात्रियों का फूल बरसाकर स्वागत किया गया. स्टेशन पर जय श्रीराम के जयघोष भी सुनाई दिए. पहले दिन इस ट्रेन से कुल 1158 यात्रियों ने सफर किया. आम यात्रियों के लिए सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है. इस रेल सेवा से भारत और नेपाल के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा. साथ ही उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों के यात्रियों को भी आवागमन का नया विकल्प मिलेगा.
राम बारात को लगे थे चार दिन, अब 20 घंटे में पूरा होगा सफर
अयोध्या और जनकपुर का संबंध रामायण काल से जुड़ा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान राम और माता सीता का विवाह जनकपुर में हुआ था. वाल्मीकि रामायण के मुताबिक, राजा दशरथ जब राम बारात लेकर मिथिला पहुंचे थे, तब इस यात्रा में चार दिन लगे थे. अब सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या से जनकपुर तक का सफर करीब 20 घंटे में पूरा हो सकेगा. नई ट्रेन सेवा को रामायण सर्किट और दोनों देशों के धार्मिक-सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है.
यूपी-बिहार के 10 स्टेशनों से होकर गुजरेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या धाम से चलकर उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इसके निर्धारित रूट में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन शामिल हैं. जयनगर से ट्रेन भारत-नेपाल सीमा पार कर जनकपुर धाम पहुंचेगी. इससे खासकर मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी और आसपास के इलाकों के लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है. नेपाल से अयोध्या और उत्तर प्रदेश के दूसरे शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन उपयोगी होगी.
जयनगर में होगी दस्तावेजों की जांच, दो घंटे तक रुकेगी ट्रेन
भारत से नेपाल जाने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करनी होगी. इसलिए बिहार के जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की व्यवस्था की गई है. अयोध्या से जनकपुर जाते समय ट्रेन जयनगर में दो घंटे रुकेगी, जबकि जनकपुर से अयोध्या लौटते समय यहां एक घंटे का ठहराव होगा. रेलवे की ओर से भारत से नेपाल और नेपाल से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट तैयार किए जाएंगे. इनमें यात्रियों की नागरिकता और पहचान संबंधी जानकारी होगी. यात्रियों को सफर के दौरान जरूरी पहचान पत्र और दस्तावेज अपने साथ रखने होंगे.
17 कोच वाली ट्रेन में AC और स्लीपर की सुविधा
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच होंगे. इनमें 8 AC और 7 स्लीपर कोच शामिल हैं. AC श्रेणी में थर्ड AC के 6 और सेकेंड AC के 2 कोच होंगे. इसके अलावा लगेज, गार्ड और पैंट्री जैसी सुविधाओं के लिए 2 कोच निर्धारित किए गए हैं. इस ट्रेन में फर्स्ट AC और जनरल श्रेणी के कोच नहीं होंगे. रेलवे के नियमों के मुताबिक, इसमें RAC और वेटिंग टिकट की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी. यानी यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने पर ही सफर करने की अनुमति होगी. वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग से कोटा भी निर्धारित नहीं किया गया है. फिलहाल ट्रेन का आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है.
मोदी बोले- नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे
ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के रिश्तों को साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति से जुड़ा बताया था. उन्होंने कहा था कि भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं.पीएम मोदी ने 2018 में जनकपुर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्होंने तब भी कहा था कि नेपाल के बिना हमारे तीर्थ अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं. सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत के साथ इस पवित्र रिश्ते को नया आयाम मिल रहा है. वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि इस ट्रेन से भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने 'रोटी-बेटी' के रिश्ते और मजबूत होंगे. उन्होंने अयोध्या और जनकपुर के बीच आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को नई मजबूती मिलने की बात कही थी.
2022 से चल रही है जयनगर-जनकपुर रेल सेवा
भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क पहले से मौजूद है. 3 अप्रैल 2022 को जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल सेवा शुरू हुई थी. इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने इसका उद्घाटन किया था. बिहार के जयनगर से शुरू होने वाली यह ट्रेन नेपाल के कुर्था, जनकपुर और बिजलपुरा तक जाती है. इस रेल मार्ग का चालू हिस्सा करीब 52 किलोमीटर लंबा है. अब अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू होने से दोनों देशों के धार्मिक स्थलों के बीच कनेक्टिविटी का विस्तार होगा. इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय कारोबार, होटल, परिवहन और पर्यटन से जुड़े लोगों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.
सप्ताह में एक दिन चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
सरयू-कमला एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन होगी. निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए ट्रेन सोमवार को रवाना होगी, जबकि जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए शनिवार को चलेगी. इस सेवा के शुरू होने से रामायण से जुड़े दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा पहले के मुकाबले आसान होगी. खासकर बिहार के सीमावर्ती जिलों के लोगों के लिए यह रेल सेवा भारत और नेपाल के बीच आवागमन का एक नया माध्यम बनेगी.
संबंधित ख़बरें
और POLITICS ख़बरेंपंजाब में फिर लौटा BJP-अकाली दल गठबंधन, सीएम पद पर भी बड़ा फैसला
मां के इलाज के लिए नहीं थे पैसे, KBC में जीते 1 करोड़, अब IAS बनना चाहते हैं भूषण
बिहार विधान परिषद में 8 नए सदस्यों की एंट्री, शपथ समारोह में सम्राट चौधरी-तेजस्वी और प्रशांत किशोर रहे मौजूद

IND vs NZ: वेलिंग्टन टेस्ट ड्रॉ, भारत की जीत का सपना टूटा! फिलिप्स-मिचेल ने 258 गेंदों तक किया मुकाबला

न्यूजीलैंड में भारत ने बनाया 96 साल का रिकॉर्ड, 720/9 रन के साथ टेस्ट इतिहास में दर्ज की बड़ी उपलब्धि

कृष 4 को मिलेगा बड़ा बजट, ऋतिक रोशन और नमित मल्होत्रा की मुलाकात की खबर से बढ़ी हलचल


