रांची से अगवा 4 वर्षीय बच्चा साहिबगंज से बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार
“रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर की सुबह अगवा किए गए चार वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है।”

रांची: रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर की सुबह अगवा किए गए चार वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बच्चे को साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ से सुरक्षित बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब बच्चे की मां कुछ समय के लिए वहां मौजूद नहीं थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर बहला-फुसलाकर बच्चे को अपने साथ ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ मानवीय गुप्तचर तंत्र की मदद से लगातार सुराग जुटाए। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर धनबाद पुलिस के सहयोग से एक आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर साहिबगंज पुलिस के सहयोग से साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
फिलहाल बच्चे को उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अपहरण के पीछे के कारणों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
इस अभियान में धनबाद पुलिस, जामताड़ा पुलिस, साहिबगंज पुलिस और पुलिस महानिरीक्षक, संथाल परगना का विशेष सहयोग रहा। रांची पुलिस के अनुसार, विषम परिस्थितियों और देर रात के बावजूद सभी संबंधित पुलिस इकाइयों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
रांची पुलिस ने इस सफल अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। पुलिस ने इसे अंतर-जिला समन्वय के जरिए की गई प्रभावी कार्रवाई का उदाहरण बताया है।




