रांची के पिस्का मोड़ में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में 3 लोग घायल
रांची के पिस्का मोड़ इलाके में शनिवार देर रात जमीन से जुड़े विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी की गंभीर घटना सामने आई है.

रांची के पिस्का मोड़ इलाके में शनिवार देर रात जमीन से जुड़े विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी की गंभीर घटना सामने आई है। इस फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, जमीन कारोबारी विकास सिंह और उसके भाई आकाश सिंह उर्फ मोगली को बातचीत के लिए तेल गली, पिस्का मोड़ बुलाया गया था। आरोप है कि संजय पांडे नामक व्यक्ति ने दोनों को मिलने के लिए आमंत्रित किया था। शनिवार रात करीब 9:45 बजे जैसे ही दोनों भाई वहां पहुंचे, पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के साथ जमीन विवाद को लेकर बहस शुरू हो गई।
बहस के दौरान दोनों पक्षों के बीच अचानक फायरिंग शुरू हो गई। इस घटना में विकास सिंह, उसका भाई आकाश सिंह उर्फ मोगली और दूसरे गुट का एक व्यक्ति रवि गोली लगने से घायल हो गया।
विकास सिंह को छाती और हाथ में कुल तीन गोलियां लगीं, जबकि उसके भाई के हाथ में गोली लगी है। दोनों को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों भाइयों की स्थिति खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने कई खोखे बरामद किए हैं। मामले में मुख्य आरोपी संजय पांडे समेत कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुकुरहुटू क्षेत्र में करीब चार एकड़ जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लेनदेन का विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इस जमीन के काम के दौरान विकास सिंह पर संजय पांडे के लगभग 55 लाख रुपये बकाया हो गए थे। रकम की वसूली को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ दिनों से तनाव बना हुआ था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फायरिंग में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंIITF 2026 में झारखंड के पलाश पवेलियन का CM हेमंत सोरेन ने किया उद्घाटन, ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

झारखंड में कहां है कानून का राज? बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार से पूछे सवाल
अबरार के तूफानी शतक से केकेएन स्टेडियम में मचा धमाल, केंट और आरसीए का मुकाबला टाई

छठ व्रतियों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम अलर्ट, घाटों पर बैरिकेडिंग से लेकर रोशनी तक की मुकम्मल व्यवस्था

पश्चिम बंगाल जाते समय चंपाई सोरेन के काफिले की गाड़ी खराब, पुराने वाहनों को लेकर फिर उठे सवाल

बिना पड़ाव सुविधा के ई-रिक्शा चालकों से शुल्क वसूली पर भड़का यूनियन, वसूली रोकने की मांग


