ट्रंप का खतरनाक अल्टीमेटम: 'आज रात एक पूरी सभ्यता मिट जाएगी, जिसे कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा'
“डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला गया तो “एक रात में पूरी सभ्यता मिट सकती है.” इस बयान से वैश्विक तनाव बढ़ गया है और दुनिया तीसरे विश्व युद्ध की आशंका से चिंतित है.”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर दुनिया को हिला देने वाला बयान दिया है. डेडलाइन खत्म होने से महज 12 घंटे पहले ट्रंप ने धमकी भरे अंदाज में चेतावनी दी – “आज रात एक पूरी सभ्यता मिट जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा.” उन्होंने कहा कि ईरान को वाशिंगटन समय रात 8 बजे तक होर्मुज स्ट्रेट खोलना होगा, वरना अमेरिका इतना भयानक हमला करेगा कि ईरान की प्राचीन सभ्यता एक रात में हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी. ट्रंप ने साफ कहा, “मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन अगर जरूरी पड़ा तो ऐसा ही होगा.” यह बयान दुनिया भर में दहशत फैला रहा है क्योंकि होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के 20 प्रतिशत तेल का रास्ता है.
ट्रंप का 'एक रात में तबाही' वाला प्लान
ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस और ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान का पूरा देश “एक रात में खत्म” किया जा सकता है. उन्होंने पावर प्लांट, ब्रिज, एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर और खार्ग द्वीप को निशाना बनाने की धमकी दी. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी कहा कि ईरान को अब भी जवाब देने का समय है, लेकिन अमेरिका ने अपने मिलिट्री लक्ष्य लगभग पूरे कर लिए हैं. ट्रंप का कहना है कि अगर ईरान ने स्ट्रेट नहीं खोला तो “हेल” बरपाएगा. रॉयटर्स और न्यूजवीक की रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप ने पहले भी “पावर प्लांट डे और ब्रिज डे” का जिक्र किया था.
होर्मुज स्ट्रेट पर टिकी दुनिया की सांस
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति ठप हो गई है. अमेरिका का आरोप है कि ईरान जानबूझकर तेल टैंकरों को रोक रहा है. ट्रंप ने 10 दिन का अल्टीमेटम दिया था, जो अब सिर्फ कुछ घंटे बाकी है. अगर हमला हुआ तो ईरान की 6000 साल पुरानी सभ्यता, उसके शहर, पावर ग्रिड और तेल सुविधाएं पूरी तरह ध्वस्त हो सकती हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स और अल जजीरा की रिपोर्ट्स में चेतावनी दी गई है कि यह हमला न सिर्फ ईरान बल्कि पूरे मध्य पूर्व को आग की लपटों में झोंक सकता है.
ईरान का डटकर मुकाबला, 1.4 करोड़ ने दिया युद्ध का वादा
ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि 1.4 करोड़ ईरानी, खुद राष्ट्रपति समेत, स्वेच्छा से युद्ध के लिए तैयार हैं. तेहरान ने अमेरिकी धमकियों को “पागलपन” बताया है. ईरानी मीडिया के मुताबिक कई ठिकानों पर पहले ही अमेरिकी हमले हो चुके हैं. ईरान का कहना है कि वह कभी भी झुकने वाला नहीं. इस बीच पाकिस्तान समेत कई देशों में युद्ध के असर से आर्थिक संकट गहरा रहा है.
दुनिया पर मंडरा रहा तीसरा विश्व युद्ध का खतरा
ट्रंप के इस बयान से ग्लोबल मार्केट्स हिल गए हैं. तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. यूरोप और एशिया के नेता चिंतित हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने ट्रंप की रणनीति पर सवाल उठाए हैं. अगर आज रात हमला हुआ तो ईरान की प्राचीन सभ्यता, लाखों निर्दोष नागरिक और वैश्विक अर्थव्यवस्था हमेशा के लिए बदल सकती है. ट्रंप ने कहा – “यह दुनिया के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण पल होगा.” दुनिया अब सांस रोके इंतजार कर रही है कि आज रात क्या होता है.


