15 अगस्त को रांची में बदलेगा ट्रैफिक प्लान, सुबह 6 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों पर रोक
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण रांची में ट्रैफिक व्यवस्था बदलेगी. सुबह 6 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी और कई रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू होगा.


Ranchi: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर 15 अगस्त को रांची शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने की तैयारी की है. शहर में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. अलग-अलग इलाकों में ड्रॉप गेट बनाए गए हैं, जहां से सिर्फ अधिकृत पास वाले वाहन, वीवीआईपी, मुख्यमंत्री और मीडियाकर्मियों को निर्धारित शर्तों के तहत प्रवेश मिलेगा. आम लोगों के वाहनों के लिए अलग रूट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है. बाहर से रांची आने वाले भारी वाहनों को शहर के बाहरी हिस्सों में ही रोकने की व्यवस्था रहेगी. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि परेशानी से बचने के लिए तय मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें.
इन रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही सीमित
कांके की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को बोड़ेया तक सीमित रखा जाएगा. चाईबासा और खूंटी की दिशा से आने वाले भारी वाहनों को बिरसा चौक के आसपास रोका जाएगा. गुमला-सिमडेगा से आने वाले वाहनों के लिए अरगोड़ा और आईटीआई क्षेत्र तक सीमा तय की गई है. जमशेदपुर की तरफ से आने वाले बड़े वाहन नामकुम के दुर्गा सोरेन चौक और सदाबहार चौक की ओर नियंत्रित किए जाएंगे. कांके-पतरातू मार्ग से आने वाले वाहनों को लॉ यूनिवर्सिटी तक ही जाने की अनुमति होगी. बूटी मोड़ से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग-अलग स्थानों तक सीमा निर्धारित की गई है.
वीवीआईपी और अतिथियों के लिए अलग रूट
समारोह में पहुंचने वाले वीआईपी और अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग यातायात मार्ग तय किया गया है. मुख्यमंत्री, न्यायाधीश, सांसद और विधायक समेत अन्य अतिथियों के वाहन निर्धारित प्रमुख चौकों से होते हुए मोरहाबादी मैदान के वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक पहुंचेंगे. केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है. कार्यक्रम स्थल के आसपास अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं. मीडियाकर्मियों और पासधारकों के वाहनों की पार्किंग भी तय स्थानों पर होगी, जबकि सामान्य वाहनों के लिए टीआरआई के सामने मैदान में व्यवस्था की गई है.
इन जगहों पर पार्किंग पर रहेगी पाबंदी
15 अगस्त के कार्यक्रम के दौरान कुछ प्रमुख हिस्सों में वाहन खड़ा करने पर पूरी तरह रोक रहेगी. उपायुक्त आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक और रांची कॉलेज मोड़ से वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक पार्किंग की अनुमति नहीं होगी. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें और पुलिस की ओर से निर्धारित रूट का पालन करें. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए लोगों को घर से निकलने से पहले अपने मार्ग की जानकारी रखने की सलाह दी गई है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts






Leave a comment