रांची नगर निगम में A2Z का पुराना मामला फिर गरमाया, संपत्तियों की गिनती शुरू होते ही मचा हड़कंप, कोर्ट से मिली राहत
2011 के सफाई एजेंसी A2Z से जुड़े पुराने विवाद में रांची नगर निगम पर संपत्तियों की गिनती और सीलिंग की कार्रवाई का खतरा मंडराने लगा. कोर्ट के आदेश के साथ पहुंचे लोगों की कार्रवाई के बीच निगम ने अदालत से राहत मांगी, जिसके बाद फिलहाल स्टे मिल गया है.

Ranchi: रांची नगर निगम में बुधवार को उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब साल 2011 से जुड़े पुराने सफाई एजेंसी A2Z का मामला एक बार फिर सामने आ गया. कोर्ट के आदेश के साथ कुछ लोग सुबह-सुबह नगर निगम कार्यालय पहुंचे और निगम की संपत्तियों की गिनती शुरू कर दी. इस कार्रवाई की खबर फैलते ही निगम कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यहां तक कि नगर निगम के बैंक खातों और कार्यालय को सील किए जाने की आशंका भी जताई जाने लगी. हालांकि, निगम प्रशासन ने भी कानूनी रास्ता अपनाते हुए अपना पक्ष रखा, जिसके बाद फिलहाल उसे राहत मिल गई है.
2011 के सफाई व्यवस्था से जुड़ा है पूरा मामला
दरअसल, रांची नगर निगम की पुरानी सफाई एजेंसी A2Z का मामला लंबे समय से विवादों में रहा है. निगम ने पूर्व में कंपनी की कार्यशैली और सफाई व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बाद उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया था. निगम की इस कार्रवाई के खिलाफ कंपनी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था. मामला कानूनी प्रक्रिया में आगे बढ़ता रहा, लेकिन अब एक बार फिर इसने नगर निगम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
कोर्ट के आदेश के साथ निगम कार्यालय पहुंचे लोग
बुधवार सुबह कुछ लोग न्यायालय के आदेश के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे. इसके बाद निगम की संपत्तियों की गिनती की प्रक्रिया शुरू की गई. अचानक शुरू हुई इस गतिविधि से निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेचैनी बढ़ गई. कार्यालय और बैंक खातों को सील किए जाने की संभावित कार्रवाई को लेकर भी चर्चा होने लगी. हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होने से पहले ही नगर निगम प्रशासन ने कानूनी मोर्चे पर अपनी तैयारी शुरू कर दी.
निगम ने कोर्ट में रखी अपनी दलील, फिलहाल मिली राहत
संभावित कार्रवाई को देखते हुए नगर निगम ने भी अदालत में अपना पक्ष रखा और कानूनी राहत की मांग की. निगम की दलीलों के बाद कोर्ट ने संबंधित आदेश पर फिलहाल स्टे लगा दिया. इससे नगर निगम प्रशासन को तत्काल राहत मिली है. हालांकि, मामले का अंतिम समाधान अभी नहीं हुआ है और आगे की कार्रवाई न्यायालय के आगामी आदेशों पर निर्भर करेगी.
सुशांत गौरव बोले- कोर्ट के आदेशों का होगा पालन
मामले पर नगर प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि नगर निगम न्यायालय के आगामी आदेशों का पालन करेगा. फिलहाल कोर्ट से मिले स्टे के बाद निगम प्रशासन ने राहत की सांस ली है. लेकिन A2Z से जुड़ा वर्षों पुराना विवाद एक बार फिर नगर निगम के सामने चुनौती बनकर खड़ा हो गया है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा लंबित मामलों का निपटारा

देवघर में पानी बेचने वालों के लिए ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य, 31 दिसंबर तक का अल्टीमेटम
देवघर में अब चौक-चौराहों पर बस खड़ी की तो लगेगा जुर्माना, प्रशासन चलाएगा विशेष अभियान

स्वच्छता महाकुंभ: देवघर के तीन स्कूलों में क्विज प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई जागरूकता

देवघर में तालाबों और छठ घाटों की सफाई में जुटा नगर निगम, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

फसल बीमा के नाम पर पात्र किसानों के आवेदन नहीं होंगे रद्द, देवघर DC सख्त


