देवघर में अब चौक-चौराहों पर बस खड़ी की तो लगेगा जुर्माना, प्रशासन चलाएगा विशेष अभियान
देवघर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम विशेष अभियान चलाएगा. चकाई मोड़, कुंडा मोड़, क्लब ग्राउंड समेत छह जगहों पर बसों के अनधिकृत ठहराव पर निगरानी होगी. नियम तोड़ने पर जुर्माना लगाया जाएगा.

Deoghar :- शहर की सड़कों पर अब मनमाने तरीके से बस खड़ी करना बस संचालकों और चालकों को महंगा पड़ सकता है. देवघर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने सख्ती की तैयारी कर ली है. निर्धारित बस पड़ाव के बजाय चौक-चौराहों और सड़क किनारे बस खड़ी करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित बस संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. इस संबंध में नगर आयुक्त सुलोचना मीणा की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात पुलिस के डीएसपी, सहायक नगर आयुक्त, सिटी मिशन मैनेजर हिमांशु शेखर समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. बैठक में शहर के उन इलाकों की पहचान की गई, जहां बसों के अनधिकृत ठहराव के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है.
इन छह जगहों पर बसों के अनधिकृत ठहराव पर नजर
प्रशासन की नजर शहर के छह प्रमुख स्थानों पर है. इनमें चकाई मोड़, बीआईटी मेसरा, कुंडा मोड़, क्लब ग्राउंड, भुरभुरा मोड़ और अपर बिलासी शामिल हैं. इन जगहों पर बसों के सड़क किनारे खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है.
परिवहन विभाग, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम करेगी पेट्रोलिंग
चिह्नित स्थानों पर निगरानी के लिए जिला परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम बनाई जाएगी. यह टीम नियमित रूप से पेट्रोलिंग करेगी और बसों के अनधिकृत ठहराव पर नजर रखेगी. शुरुआत में बस संचालकों और चालकों को निर्धारित बस पड़ाव का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जाएगा. इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आईएसबीटी से ही बसों का संचालन करने का निर्देश
बैठक में स्पष्ट किया गया कि देवघर के इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) से ही बसों का निर्धारित ठहराव और संचालन सुनिश्चित किया जाना है. बस संचालकों को निर्देश दिया जाएगा कि वे शहर के चौक-चौराहों और सड़कों पर अनधिकृत तरीके से बसें खड़ी न करें. निर्धारित बस पड़ाव का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा.
जाम से राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिकता
नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा. नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के जरिए अनावश्यक जाम की समस्या को दूर करने का प्रयास किया जाएगा. इस अभियान के लागू होने के बाद शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर बसों के अनधिकृत ठहराव पर रोक लगाने की कोशिश होगी. अब देखना होगा कि प्रशासन की यह सख्ती देवघर की यातायात व्यवस्था को कितनी राहत दिला पाती है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा लंबित मामलों का निपटारा
रांची नगर निगम में A2Z का पुराना मामला फिर गरमाया, संपत्तियों की गिनती शुरू होते ही मचा हड़कंप, कोर्ट से मिली राहत
देवघर में पानी बेचने वालों के लिए ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य, 31 दिसंबर तक का अल्टीमेटम

स्वच्छता महाकुंभ: देवघर के तीन स्कूलों में क्विज प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई जागरूकता

देवघर में तालाबों और छठ घाटों की सफाई में जुटा नगर निगम, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

फसल बीमा के नाम पर पात्र किसानों के आवेदन नहीं होंगे रद्द, देवघर DC सख्त


