स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव: ईरान ने भारतीय जहाज को लौटाया, भारत ने जताई कड़ी आपत्ति
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने शनिवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे एक भारतीय जहाज को बीच रास्ते में रोककर वापस लौटने के निर्देश दिए

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने शनिवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे एक भारतीय जहाज को बीच रास्ते में रोककर वापस लौटने के निर्देश दिए। इस घटना से जुड़ा एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें जहाज के कैप्टन और ईरानी नौसेना के अधिकारी के बीच बातचीत सुनी जा सकती है।
ऑडियो के मुताबिक, ईरानी अधिकारी ने साफ कहा कि फिलहाल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आवाजाही पर रोक लागू है और जहाज को तुरंत अपने पोर्ट की ओर वापस जाना होगा। जवाब में भारतीय कैप्टन ने निर्देश को दोहराते हुए लौटने की पुष्टि की।
बताया जा रहा है कि ‘भाग्य लक्ष्मी’ नामक इस जहाज ने निर्देश मिलते ही अपना रूट बदल लिया। इससे पहले ईरानी गनबोट्स द्वारा भारतीय झंडे वाले दो जहाजों के पास फायरिंग की भी खबर है। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। ये जहाज इराकी तेल लेकर जा रहे थे।
इस पूरे घटनाक्रम पर भारत सरकार ने गंभीर चिंता जताई है। नई दिल्ली में ईरान के राजदूत को तलब कर विदेश मंत्रालय ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। विदेश सचिव ने साफ कहा कि भारतीय जहाजों पर फायरिंग और रोक लगाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पहले ईरान ने भारतीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग देने में सहयोग किया था और इस बार भी ऐसी ही उम्मीद है।
ईरानी पक्ष का कहना है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को IRGC के साथ समन्वय करना होगा। हालांकि हाल ही में क्षेत्र में तनाव कम होने के बाद इस मार्ग को खोला गया था, लेकिन अब अमेरिका की आर्थिक पाबंदियों के विरोध में इसे फिर से सीमित कर दिया गया है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में वैश्विक तेल आपूर्ति गुजरती है। ऐसे में इस क्षेत्र में बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का कारण बन गया है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.







Leave a comment