क्राइम मीटिंग में एसपी के सख्त निर्देश, पर्व और बाढ़ को लेकर पुलिस को अलर्ट रहने का आदेश

साहिबगंज: पुलिस लाइन परिसर स्थित एसपी कार्यालय के सभागार में रविवार को क्राइम मीटिंग आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने की. इसमें जिले के सभी एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारी शामिल हुए. बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई.
एसपी अमित कुमार सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पुलिस की जिम्मेदारी सिर्फ अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है. पुलिस को देश सेवा के साथ आम जनता के सुख-दुख में भी खड़ा रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिले के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में पुलिस पदाधिकारी और जवान बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे रहें और जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने के साथ उनकी सुरक्षा में भी सहयोग करें.
पर्व-त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस
बैठक में गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा समेत आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया. एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने को कहा. संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां निगरानी बढ़ाने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए.
लंबित मामलों और अपराध नियंत्रण की समीक्षा
क्राइम मीटिंग में लंबित कांडों, अपराध नियंत्रण और जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई. एसपी ने थाना प्रभारियों को नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव समेत जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे.

