झारखंड कृषि विपणन पर्षद की पहली बैठक में किसानों और बाजार समितियों के लिए कई बड़े फैसले
झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद (JSAMB) की नवगठित निदेशक मंडल की पहली बैठक में किसानों और बाजार समितियों के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

Ranchi: झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद (JSAMB) की नवगठित निदेशक मंडल की पहली बैठक में किसानों और बाजार समितियों के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. पर्षद अध्यक्ष रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बाजार समितियों को आधुनिक बनाने, ई-नाम पोर्टल को मजबूत करने और कृषि विपणन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर सहमति बनी.
बाजार समितियों का होगा आधुनिकीकरण
बैठक में बाजार समितियों को मॉडल मार्केट के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया. इसके तहत सड़क, शौचालय, प्रशासनिक भवन, मुख्य प्रवेश द्वार, गोदाम और जर्जर दुकानों के स्थान पर G+2 व्यावसायिक भवनों का निर्माण कराया जाएगा.
ई-नाम और किसानों के प्रशिक्षण पर जोर
किसानों को ई-नाम पोर्टल से जोड़ने और ऑनलाइन कृषि व्यापार को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे. बेहतर प्रदर्शन करने वाले एफपीओ और प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया.
परिसंपत्तियों का डिजिटलीकरण और प्रशिक्षण केंद्र
बैठक में बाजार समितियों की परिसंपत्तियों, दुकानों और गोदामों का डिजिटल डाटाबेस तैयार करने का फैसला लिया गया. साथ ही राज्य के पांचों प्रमंडलों में आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने पर भी सहमति बनी. इसके अलावा डोरंडा और कोडरमा बाजार समितियों में बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स निर्माण की योजना को मंजूरी दी गई.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment