रांची में 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे स्कूल, चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर अलर्ट; KG से 12वीं तक कक्षाएं स्थगित
MPLADS पोर्टल पर बैद्यनाथ से जुड़े कार्यों का हिसाब दिखने और परिमल से संबंधित विवरण नहीं मिलने के सवाल ने चर्चा तेज कर दी है. पोर्टल पर केवल पांच कार्यों का रिकॉर्ड क्यों दिखाई दे रहा है? जानिए इस मामले से जुड़े सवाल और सार्वजनिक निधि के रिकॉर्ड की अहमियत.

Ranchi:- रांची में चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित असर और मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को KG से लेकर 12वीं कक्षा तक पठन-पाठन स्थगित रहेगा. यह आदेश अल्पसंख्यक विद्यालयों पर भी लागू होगा. प्रशासन के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची के पूर्वानुमान में जिले में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है. इसी को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह निर्णय लिया गया है. हालांकि, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां परीक्षा कराने या स्थगित करने का निर्णय विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर ले सकेगा. प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने और सतर्क रहने की अपील की है.
28 और 29 अक्टूबर को कक्षाएं रहेंगी स्थगित
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक, रांची जिले में संचालित सभी श्रेणी के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में KG से 12वीं तक की कक्षाओं में पढ़ाई 28 और 29 अक्टूबर को नहीं होगी. आदेश में अल्पसंख्यक विद्यालयों को भी शामिल किया गया है. प्रशासन ने यह फैसला खराब मौसम की आशंका और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है. मौसम विभाग ने झारखंड के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. रांची को ऑरेंज जोन में चिह्नित करते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है.
पहले से निर्धारित परीक्षाओं पर स्कूल प्रबंधन लेगा फैसला
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वे अपने स्तर पर परीक्षा आयोजित करने या उसे स्थगित करने का निर्णय ले सकते हैं. हालांकि, विद्यालय प्रबंधन को इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को अनिवार्य रूप से सूचना देनी होगी. वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को विद्यालय बंद रहने के बावजूद सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का संपादन करना होगा.
ई-विद्यावाहिनी पर दर्ज होगी उपस्थिति, सतर्क रहने की अपील
आदेश के अनुसार, रांची जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी. जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और जरूरी सतर्कता बरतने की अपील की है. प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है. जिला प्रशासन ने जन शिकायतों के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी) भी जारी किया है.


