गया अग्निवीर भर्ती रैली का परिणाम घोषित, GD में 81 और ट्रेड्समैन में 80 अभ्यर्थी सफल
“आर्मी भर्ती कार्यालय (ARO) रांची के अंतर्गत मार्च 2026 में बिहार के गया में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली का परिणाम घोषित कर दिया गया है. भर्ती प्रक्रिया के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD) और अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों के सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है. ”

Ranchi: आर्मी भर्ती कार्यालय (ARO) रांची के अंतर्गत मार्च 2026 में बिहार के गया में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली का परिणाम घोषित कर दिया गया है. भर्ती प्रक्रिया के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD) और अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों के सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है. जारी परिणाम के अनुसार अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD) श्रेणी में कुल 81 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जबकि अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणी में 80 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं.
भर्ती अधिकारियों ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को 31 मई 2026 को संबंधित आर्मी भर्ती कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है. इस दौरान दस्तावेज सत्यापन, ब्रीफिंग और जॉइनिंग से जुड़ी अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी. चयनित अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आने को कहा गया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. आर्मी भर्ती अधिकारियों ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं. साथ ही अभ्यर्थियों को आगे की जानकारी और आवश्यक निर्देशों के लिए आर्मी भर्ती कार्यालय रांची के संपर्क में बने रहने की सलाह दी गई है.

