NDA का शक्ति प्रदर्शन: परिमल नाथवानी राज्यसभा के लिए दाखिल करेंगे पर्चा, सरयू राय-तिवारी महतो समेत बीजेपी के कई विधायक रहेंगे शामिल
झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. उद्योगपति और दो बार झारखंड से राज्यसभा सांसद रह चुके परिमल नाथवानी सोमवार को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे.

Ranchi: झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. उद्योगपति और दो बार झारखंड से राज्यसभा सांसद रह चुके परिमल नाथवानी सोमवार को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे. उनके नॉमिनेशन में NDA का पूरा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा. सूत्रों के अनुसार, परिमल नाथवानी के नामांकन के दौरान बीजेपी के कई विधायक मौजूद रहेंगे. सरयू राय, तिवारी महतो, जनार्दन पासवान, नवीन जायसवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ विधायक प्रस्तावक और समर्थक के रूप में शामिल होंगे. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पार्टी विधायकों और सहयोगी दलों के विधायकों को फोन कर नाथवानी का प्रस्तावक बनने का निर्देश दिया है.
बीजेपी का समर्थन, निर्दलीय पर्चा
बीजेपी ने अभी तक अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित नहीं किया है. पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने भी नामांकन पत्र खरीदा है. हालांकि अब पार्टी नेतृत्व परिमल नाथवानी को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में समर्थन देने का मन बना चुकी है. परिमल नाथवानी शनिवार को विशेष विमान से रांची पहुंचे और सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात के बाद दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से समर्थन का आग्रह किया.
राज्यसभा का पुराना कनेक्शन
परिमल नाथवानी 2008 और 2014 में झारखंड से निर्दलीय सांसद चुने जा चुके हैं. दोनों बार उन्हें बीजेपी और AJSU विधायकों का समर्थन मिला था. इस बार भी NDA के 24 विधायकों के साथ वे चुनावी मैदान में हैं. उनकी एंट्री से दूसरी सीट का मुकाबला दिलचस्प हो गया है.
किनके बीच मुकाबला
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए अब तक 6 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं. इंडिया गठबंधन से झामुमो ने बैद्यनाथ राम और कांग्रेस ने प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है. नाथवानी की एंट्री से संभावित क्रॉस वोटिंग और जोड़-तोड़ की अटकलें तेज हो गई हैं. नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन सोमवार है. सभी उम्मीदवार दोपहर 3 बजे से पहले पर्चा दाखिल करेंगे.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment