रामगढ़ : चुटुपालू घाटी में अनियंत्रित ट्रेलर का कहर, एक की मौत, 10 से ज्यादा घायल
रामगढ़ के चुटुपालू घाटी में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। लोहे के भारी पहिए ले जा रहा अनियंत्रित ट्रेलर कई वाहनों को टक्कर मारते हुए पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Ramgarh: जिले स्थित चुटुपालू घाटी में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार, लोहे के भारी-भरकम पहिए लेकर जा रहा एक ट्रेलर घाटी के घुमावदार रास्ते पर अचानक अनियंत्रित हो गया. तेज रफ्तार ट्रेलर ने करीब दो किलोमीटर तक कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा और अंततः पलट गया. हादसे के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रेलर का संतुलन बिगड़ने के बाद चालक उसे नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ.
कई वाहन चपेट में आए, एक की मौत और कई घायल
हादसे में चार कारें, तीन दोपहिया वाहन, एक कंटेनर ट्रक और एक यात्री बस ट्रेलर की चपेट में आ गए. ट्रेलर के पलटने से कुछ वाहन उसके नीचे दब गए, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि घायलों की संख्या 15 से 20 के बीच हो सकती है. सभी घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. मृतक की पहचान और अन्य घायलों की स्थिति के बारे में प्रशासन जानकारी जुटा रहा है.
बस यात्रियों ने बताया हादसे का मंजर
यात्री बस में सवार लोगों ने बताया कि ट्रेलर अचानक तेज रफ्तार में उनकी बस की ओर आया और देखते ही देखते बस को टक्कर मार दी. इसके बाद ट्रेलर एक-एक कर सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों से टकराता चला गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही सेकंड में सड़क पर चीख-पुकार मच गई. कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग अंदर फंस गए. स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस के पहुंचने से पहले ही कई घायलों को बाहर निकालने में मदद की.
पुलिस और प्रशासन ने शुरू किया राहत एवं बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया. दुर्घटना के कारण रामगढ़-रांची मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का अभियान चलाया, ताकि सड़क पर यातायात सामान्य किया जा सके. प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि घाटी के घुमावदार रास्ते पर ट्रेलर का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment