छठव्रतियों की सुविधा में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं, तैयारियों को लेकर सक्रिय हुए महापौर
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देवघर में तैयारियां तेज हो गई हैं. देवघर नगर निगम के महापौर रवि कुमार राउत ने मंगलवार को शहीद आश्रम रोड स्थित गौशाला छठ पूजा समिति पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और आवागमन के रास्तों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

Deoghar: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देवघर के गली-मोहल्लों और पूजा स्थलों पर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में देवघर नगर निगम के महापौर रवि कुमार राउत मंगलवार को शहीद आश्रम रोड स्थित गौशाला छठ पूजा समिति पहुंचे. यहां उन्होंने छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन में जुटे समिति के सदस्यों तथा स्थानीय लोगों से मुलाकात की. इस दौरान महापौर ने पूजा की तैयारियों को लेकर समिति के सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की. उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही.
महापौर रवि कुमार राउत ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है. इस पर्व के दौरान छठव्रतियों, माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए घाटों और पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी तथा आवागमन के रास्तों की समुचित व्यवस्था जरूरी है. उन्होंने कहा कि छठ पूजा की तैयारियां केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं हैं, बल्कि समाज के सामूहिक सहयोग से ही बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है. नगर निगम की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का प्रयास किया जा रहा है.
महापौर ने आयोजन में जुटे लोगों की लगन और श्रद्धा की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व देवघर की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है. पूजा समिति और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी, ताकि व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी से आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की. इस अवसर पर राहुल सिंह, भोला, वार्ड जमादार राकेश झा और नगर निगम कर्मी कन्हैया सहित अन्य लोग उपस्थित थे. सभी ने मिलकर तैयारियां पूरी करने का संकल्प लिया.

