सहारा और तालझारी में महापौर रवि कुमार राउत ने मां काली के दरबार में टेका मत्था
काली पूजा के अवसर पर देवघर के महापौर रवि कुमार राउत ने जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के सहारा और तालझारी स्थित पूजा पंडालों में मां काली के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की. उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

Deoghar: काली पूजा के पावन अवसर पर देवघर के महापौर रवि कुमार राउत जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के सहारा और तालझारी पहुंचे. यहां उन्होंने विभिन्न पूजा पंडालों में मां काली की प्रतिमा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस दौरान उन्होंने काली पूजा समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों से मुलाकात कर आयोजन की जानकारी ली. महापौर ने पूजा समितियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी लोगों को काली पूजा की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील भी की.
महिलाओं और युवाओं ने गर्मजोशी से किया स्वागत
महापौर रवि कुमार राउत के सहारा और तालझारी पहुंचने पर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. महिलाओं और युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. सहारा में आयोजित कार्यक्रम में अमर जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि तालझारी में क्रांति जी और बमबम जी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे. इस दौरान महापौर ने कहा कि मां काली शक्ति, साहस और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक हैं. धार्मिक पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं. उन्होंने मां काली से जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे संताल परगना में सुख-शांति, आपसी भाईचारे और निरंतर प्रगति बनाए रखने की प्रार्थना की.

