रेडिसन से NDA का शक्ति प्रदर्शन, 24 विधायक, एक तस्वीर और कई सवाल...
झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी तापमान चरम पर है. दोनों सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है, लेकिन उससे पहले ही रांची के होटल और मुख्यमंत्री आवास राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गए हैं.

Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी तापमान चरम पर है. दोनों सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है, लेकिन उससे पहले ही रांची के होटल और मुख्यमंत्री आवास राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गए हैं. एनडीए ने अपने सभी 24 विधायकों को होटल रेडिसन ब्लू में शिफ्ट कर शक्ति प्रदर्शन किया है, वहीं इंडिया गठबंधन मुख्यमंत्री आवास और बीएनआर चाणक्य में लगातार बैठकें कर अपने कुनबे को एकजुट रखने में जुटा है. बुधवार को बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की मौजूदगी में सभी 24 विधायकों की तस्वीर जारी कर यह संदेश देने की कोशिश की कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है. हालांकि दूसरी सीट पर वोटों का गणित अब भी एनडीए के लिए आसान नहीं दिख रहा है.
रेडिसन से NDA का शक्ति प्रदर्शन
राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए ने अपने सभी 24 विधायकों को मंगलवार से ही होटल रेडिसन ब्लू में शिफ्ट कर दिया है. बुधवार को होटल से सभी विधायकों की एक सामूहिक तस्वीर जारी की गई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और गठबंधन के सभी विधायक नजर आए. बीजेपी का दावा है कि यह सिर्फ एकजुटता दिखाने की कवायद नहीं, बल्कि मतदान प्रक्रिया को लेकर विधायकों को प्रशिक्षित करने की रणनीति है. होटल में विधायकों को वरीयता आधारित मतदान की जानकारी दी जा रही है ताकि कोई वोट तकनीकी गलती से रद्द न हो. बीजेपी नेताओं का कहना है कि परिमल नाथवानी को गठबंधन का पूरा समर्थन मिलेगा और परिणाम उम्मीद से बेहतर रहेगा.
सीएम आवास और बीएनआर चाणक्य में INDIA की बैठकों का दौर
दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन ने भी पूरी ताकत झोंक दी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर लगातार बैठकों का दौर जारी है. कांग्रेस के विधायक और मंत्री बीएनआर चाणक्य होटल में जुटे हुए हैं, जबकि राजद और भाकपा (माले) ने भी दोनों उम्मीदवारों को समर्थन देने का भरोसा जताया है. गठबंधन नेताओं का दावा है कि उनके सभी विधायक एकजुट हैं और दोनों सीटों पर जीत तय है. मुख्यमंत्री आवास में मॉक पोल भी कराया गया है, जिसमें विधायकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई. कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम लगातार विधायकों से संपर्क बनाए हुए हैं.
दूसरी सीट पर अटका है पूरा गणित
झारखंड विधानसभा में राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 28 प्रथम वरीयता वोटों की जरूरत है. विधानसभा में इंडिया गठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं, जबकि एनडीए के खाते में 24 विधायक हैं. ऐसे में झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है. असली मुकाबला दूसरी सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के बीच है. नाथवानी को जीत के लिए कम से कम चार अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी. यही वजह है कि राजनीतिक गलियारों में क्रॉस वोटिंग की चर्चा लगातार बनी हुई है. हालांकि दोनों गठबंधन सार्वजनिक तौर पर एकजुटता का दावा कर रहे हैं और किसी भी तरह की टूट या क्रॉस वोटिंग की संभावना से इनकार कर रहे हैं.
तस्वीर में एकजुटता, लेकिन नजरें मतदान पर
राज्यसभा चुनाव में अक्सर आखिरी वक्त तक सस्पेंस बना रहता है. यही कारण है कि दोनों खेमे अपने विधायकों को एकजुट रखने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं. एनडीए ने रेडिसन ब्लू से तस्वीर जारी कर यह संदेश दिया है कि उसके सभी विधायक साथ हैं. वहीं इंडिया गठबंधन भी मुख्यमंत्री आवास और बीएनआर चाणक्य से लगातार एकजुटता का संदेश दे रहा है.
अब सारी नजरें 18 जून के मतदान और शाम को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं. तस्वीरों में भले ही दोनों खेमे मजबूत दिख रहे हों, लेकिन असली परीक्षा बैलेट बॉक्स में होगी, जहां यह तय होगा कि एकजुटता की तस्वीरें वोट में बदलती हैं या फिर झारखंड की राजनीति आखिरी वक्त पर कोई नया मोड़ लेती है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment