VIDEO: नोएडा के 28 मंजिला टावर में भीषण आग, काले धुएं से दहली सोसाइटी
“दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-74 स्थित आइवी काउंटी (IVY County) हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग 28 मंजिला टावर के 12वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में लगी”

Noida: दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-74 स्थित आइवी काउंटी (IVY County) हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग 28 मंजिला टावर के 12वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई फ्लैटों को भी अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फ्लैट की खिड़कियों और बालकनी से ऊंची-ऊंची लपटें निकल रही थीं, जबकि आसमान में काले धुएं का घना गुबार फैल गया. आग लगने के बाद पूरी सोसाइटी में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इमारत से बाहर निकलने लगे. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. आग ऊंचाई पर लगने के कारण फायर ब्रिगेड की टीम हाइड्रोलिक क्रेन और आधुनिक उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने में जुटी रही. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे टावर को खाली करा लिया गया और आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. राहत एवं बचाव कार्य के दौरान लोगों को सीढ़ियों के जरिए बाहर निकाला गया.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि आग के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश भी जारी किए हैं. साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग और स्थिति की समीक्षा करने को कहा गया है.
सेक्टर-52 के पीजी में भी लगी आग
आइवी काउंटी की आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी थीं, तभी दमकल विभाग को नोएडा के सेक्टर-52 स्थित ई-3 शताब्दी विहार में एक पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास में आग लगने की सूचना मिली. जानकारी के अनुसार, बहुमंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट संचालित होता है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर पीजी बनाया गया है, जहां छात्र और कामकाजी युवा रहते हैं. दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के कार्य में जुट गई. लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने नोएडा की हाईराइज इमारतों और व्यावसायिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.




