झारखंड में ED की बड़ी छापेमारी, रांची RSS कार्यालय बम हमले से जुड़ा है मामला
“रांची RSS कार्यालय बम हमले के मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, झारखंड, बिहार, दिल्ली और कर्नाटक में कई ठिकानों पर छापेमारी. जानिए मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध फंडिंग की जांच से जुड़े इस मामले की पूरी जानकारी. ”

Ranchi: झारखंड के रांची स्थित RSS कार्यालय पर जून 2026 में हुए बम हमले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह चार राज्यों में छापेमारी शुरू की है. एजेंसी की यह कार्रवाई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की ओर से दर्ज FIR के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध फंडिंग की जांच के तहत की जा रही है. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली ED की टीम झारखंड, बिहार, दिल्ली और कर्नाटक में कई ठिकानों पर तलाशी ले रही है. जांच के दौरान आरोपियों के बीच पैसों के लेन-देन से जुड़े सबूत मिलने के बाद ED ने कार्रवाई आगे बढ़ाई है. तलाशी में दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस खंगाले जा रहे हैं.
NIA केस के आधार पर ED की कार्रवाई
रांची RSS कार्यालय में पेट्रोल बम से हमले के मामले में NIA द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ED ने ECIR दर्ज कर जांच शुरू की है. एजेंसी को NIA की जांच के दौरान मामले में शामिल आरोपियों के बीच बड़े पैमाने पर पैसों के लेन-देन के सबूत मिलने की जानकारी सामने आई है. इसी आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध फंडिंग से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है.
चार राज्यों में तलाशी, विदेश फंडिंग कनेक्शन की जांच
ED की टीम झारखंड के लोहरदगा समेत दिल्ली, बिहार और कर्नाटक में कई ठिकानों पर तलाशी ले रही है. एजेंसी की ओर से दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है. इस कार्रवाई के दौरान विदेश से होने वाली फंडिंग के संभावित कनेक्शन को भी खंगाला जा रहा है. फिलहाल जांच जारी है और तलाशी के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


