स्वीमिंग पूल बना कल्यानचक अंडरपास, जलजमाव से राहगीर परेशान, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा
जिले के कल्यानचक फाटक के समीप रेलवे द्वारा निर्मित अंडरपास इन दिनों लोगों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गया है. लगातार जलजमाव के चलते अंडरपास की स्थिति ऐसी हो गई है कि स्थानीय लोग इसे तंज कसते हुए "स्वीमिंग पूल" कहने लगे हैं.

साहिबगंज से अमान की रिपोर्ट-
Sahebganj: जिले के कल्यानचक फाटक के समीप रेलवे द्वारा निर्मित अंडरपास इन दिनों लोगों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गया है. लगातार जलजमाव के चलते अंडरपास की स्थिति ऐसी हो गई है कि स्थानीय लोग इसे तंज कसते हुए "स्वीमिंग पूल" कहने लगे हैं. पानी से लबालब भरे अंडरपास से गुजरने को लोग मजबूर हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के बाद अंडरपास में जमा पानी कई दिनों तक नहीं निकलता. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों को जूते-चप्पल हाथ में लेकर और कपड़े समेटकर पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है.
जलजमाव के कारण बढ़ रहा हादसों का खतरा
हाल ही में दुर्घटना का शिकार हुए रॉकी ठाकुर ने बताया कि पानी भर जाने के कारण सड़क और गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे उनकी मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई और उन्हें चोटें आईं. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है. वहीं स्थानीय निवासी शंकर ठाकुर ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया अंडरपास अब मुसीबत का कारण बन गया है. प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं, लेकिन जलजमाव की समस्या के कारण सभी परेशान हैं.
जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग
स्थानीय निवासी उदय कुमार ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए सांसद और विधायक से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए अंडरपास में यदि मूलभूत सुविधाएं ही नहीं हैं तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए अंडरपास की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
रेलवे ने दिया समाधान का आश्वासन
इस संबंध में रेलवे के सहायक अभियंता वेदव्यास चरण ने बताया कि लगातार बारिश के कारण अंडरपास में पानी जमा हो रहा है. उन्होंने कहा कि जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था पर काम किया जा रहा है और समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे. उनका कहना है कि अंडरपास जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना था, लेकिन वर्तमान में यह लोगों के लिए परेशानी और खतरे का केंद्र बन चुका है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts






Leave a comment