JTET 2026: परीक्षा में शामिल हुए 4.85 लाख अभ्यर्थी, दिसंबर में रिजल्ट जारी होने की उम्मीद
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 में कुल 85.75 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी. दोनों स्तरों को मिलाकर 4.85 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए. अब JAC की ओर से आंसर-की और OMR शीट जारी करने की तैयारी है. दिसंबर में रिजल्ट आने की उम्मीद है.

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 को लेकर अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. करीब 10 साल बाद आयोजित हुई इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया. 1 नवंबर को राज्यभर में परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. अब लाखों उम्मीदवारों की नजर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की अगली प्रक्रिया पर टिकी है. बोर्ड की ओर से जल्द ही आंसर-की जारी करने और उस पर आपत्तियां मांगने की तैयारी की जा रही है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा में कुल 85.75 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई. वहीं, आपत्तियों के निपटारे के बाद दिसंबर में रिजल्ट जारी होने की संभावना जताई जा रही है.
लेवल-1 की परीक्षा में कितने अभ्यर्थी हुए शामिल?
JTET के लेवल-1 के लिए कुल 1,96,211 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. इनमें से 1,72,145 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे. इस तरह पहले स्तर पर 87.73 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई.
लेवल-2 में भी लाखों उम्मीदवारों ने दी परीक्षा
लेवल-2 के लिए कुल 3,69,705 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इनमें से 3,13,098 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए. इस स्तर पर उपस्थिति का आंकड़ा 84.69 प्रतिशत रहा.
दोनों स्तरों को मिलाकर 85.75% उपस्थिति
दोनों स्तरों के आंकड़ों को मिलाकर JTET 2026 के लिए कुल 5,65,916 आवेदन प्राप्त हुए थे. इनमें से 4,85,243 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी. इस प्रकार कुल उपस्थिति 85.75 प्रतिशत दर्ज की गई.
अगले सप्ताह जारी हो सकती है आंसर-की
परीक्षा समाप्त होने के बाद अब JAC उत्तर कुंजी जारी करने की तैयारी में है. इसके बाद अभ्यर्थियों को प्रश्नों और उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिल सकता है. इसके लिए लगभग 10 से 15 दिनों का समय दिए जाने की संभावना है.
दिसंबर में रिजल्ट आने की उम्मीद
JTET 2026 की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जैक पहली बार अभ्यर्थियों की OMR शीट भी सार्वजनिक करने की तैयारी कर रहा है. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. उत्तर कुंजी पर प्राप्त आपत्तियों का निपटारा करने के बाद दिसंबर में परीक्षा परिणाम जारी करने की तैयारी है. अब उम्मीदवारों को जैक की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.

