आंधी-बारिश से बदलेगा झारखंड का मौसम, 20 जिलों में अलर्ट जारी
झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार 29 मई से 1 जून तक कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना है.

Ranchi: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार 29 मई से 1 जून तक कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में मौसम में यह बदलाव साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से हो रहा है. इसके कारण झारखंड में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. आने वाले दिनों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. गुरुवार को भी राज्य के कई हिस्सों में तापमान में कमी देखने को मिली. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा. वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दूसरी ओर मेदिनीनगर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
झारखंड में कब पहुंचेगा मॉनसून?
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 29 मई से 3 जून के बीच केरल पहुंच सकता है. इसके मद्देनजर केरल के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं झारखंड में मॉनसून के 14 से 17 जून के बीच पहुंचने की संभावना जताई गई है.
गढ़वा में बदला मौसम, लोगों को मिली राहत
गढ़वा जिले में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. तेज आंधी और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली. जिले में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिसके बाद झमाझम बारिश हुई.
पिछले करीब 15 दिनों से गढ़वा का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था. भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने जिले में हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों से जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और सावधानी बरतने की अपील कर रहे थे. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और तेज गर्मी से काफी राहत मिली.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment