जामताड़ा में तेज रफ्तार का कहर: कोलकाता जा रही कार पलटी, कई घायल
“झारखंड के जामताड़ा जिले में गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-419 पर बोदमा पोल फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार से जा रही बिहार नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई.”

झारखंड के जामताड़ा जिले में गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-419 पर बोदमा पोल फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार से जा रही बिहार नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के समय कार में सात लोग सवार थे. दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे सभी यात्रियों की जान बच गई. हादसे में सभी लोगों को चोटें आई हैं, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी.
तीखे मोड़ पर चालक खो बैठा नियंत्रण
जानकारी के मुताबिक बिहार नंबर की मारुति स्विफ्ट कार (BR 01 EQ 4731) मार्गोमुण्डा से कोलकाता जा रही थी. इसी दौरान बोदमा स्थित बंद पड़ी पोल फैक्ट्री के पास तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. कार पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर सड़क के बीचों-बीच पलट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला.
एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिसकी वजह से सभी यात्रियों की जान बच गई. डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों को हल्की से गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन किसी की हालत फिलहाल खतरे में नहीं है. घटना की सूचना मिलने के बाद 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया. वहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया. फिलहाल घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
दो घायलों की हुई पहचान
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार लोगों में पप्पू कुमार और पवन कुमार की पहचान हो पाई है. अन्य घायलों की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है. मिहिजाम थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही हाईवे पर यातायात को सामान्य कर दिया गया है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे के तीखे मोड़ों पर सावधानी बरतें और नियंत्रित गति में वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

