एलबी सिंह के परिवार के निवेश पर ED की नजर, फ्रीज फंड छुड़ाने हाईकोर्ट पहुंचा मामला
एलबी सिंह से जुड़े निवेश मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने उनके परिजनों से पूछताछ की. तीसरे समन पर पत्नी आरती सिंह, भाई विश्व विजय सिंह और साला रंजीत कुमार सिंह ईडी के सामने पेश हुए. वहीं, फ्रीज किए गए म्यूचुअल फंड को रिलीज कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है.

Ranchi News: चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग और निवेश के मामलों की जांच के क्रम में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की. तीसरे समन के बाद एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह, भाई विश्व विजय सिंह और साला रंजीत कुमार सिंह ईडी के समक्ष पेश हुए. पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने उनके नाम पर किए गए निवेश और रकम के स्रोत से जुड़े सवाल किए. रिपोर्ट के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने कई निवेशों से संबंधित जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं होने की बात कही. इससे पहले ईडी ने मामले की जांच के दौरान करीब 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश को फ्रीज किया था, जिसमें एलबी सिंह से जुड़ी रकम भी शामिल बताई गई है. अब फ्रीज किए गए निवेश को रिलीज कराने के लिए संबंधित पक्षों की ओर से न्यायालय का रुख किया गया है. मामले में हाईकोर्ट ने ईडी से जवाब मांगा है.
तीसरे समन पर ईडी के सामने पेश हुए तीनों
ईडी ने पूछताछ के लिए एलबी सिंह के भाई विश्व विजय सिंह, पत्नी आरती सिंह और साला रंजीत कुमार सिंह को समन भेजा था. शुरुआती दो मौकों पर तीनों ने अलग-अलग कारणों का हवाला देकर अतिरिक्त समय मांगा था. एजेंसी की ओर से समय दिए जाने के बाद तीसरी बार अलग-अलग तारीखों पर पेश होने का निर्देश दिया गया.
निवेश और रकम के स्रोत पर पूछे गए सवाल
पूछताछ के दौरान ईडी अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों के नाम पर किए गए निवेश से संबंधित जानकारी हासिल करने की कोशिश की. खास तौर पर निवेश की रकम कहां से आई और उससे जुड़े दस्तावेजों के बारे में सवाल किए गए. रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ सवालों पर संबंधित लोगों ने बाद में जानकारी देने की बात कही.
आरती सिंह ने पति से जुड़ी जानकारी का दिया हवाला
पूछताछ के दौरान आरती सिंह ने कई मामलों की जानकारी अपने पति एलबी सिंह के पास होने की बात कही. वहीं, निवेश से संबंधित अन्य सवालों के जवाब में तत्काल जानकारी उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई. ईडी की जांच में इन निवेशों से जुड़े दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन अहम माने जा रहे हैं.
160 करोड़ के म्यूचुअल फंड पर ईडी की कार्रवाई
कोयला घोटाले की जांच के दौरान ईडी ने दूसरे चरण की कार्रवाई में करीब 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश को फ्रीज किया था. इसमें एलबी सिंह से संबंधित निवेश का बड़ा हिस्सा होने की बात जांच एजेंसी के स्तर से सामने आई है. एजेंसी इस निवेश से जुड़े लेनदेन और उसके स्रोत की पड़ताल कर रही है.
फ्रीज निवेश को लेकर हाईकोर्ट पहुंचा मामला
एलबी सिंह से जुड़ी कंपनी और आरती सिंह की ओर से फ्रीज किए गए म्यूचुअल फंड को रिलीज कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है. जानकारी के अनुसार, ईडी ने एलबी सिंह से संबंधित कंपनी के करीब 60 करोड़ रुपये के फंड को फ्रीज किया है. इसके अलावा आरती सिंह के नाम से जुड़े करीब 26 लाख रुपये के निवेश पर भी कार्रवाई की गई है. हाईकोर्ट ने संबंधित याचिकाओं पर ईडी को अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment