जीत के बाद भी श्रेयस अय्यर पर गिरी गाज, स्लो ओवर रेट के लिए 12 लाख का जुर्माना
“आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच 31 मार्च को खेला गया, जिसमें पंजाब किंग्स ने रोमांचक अंदाज़ में 3 विकेट से जीत दर्ज कर सीजन की शानदार शुरुआत की. हालांकि इस जीत के बावजूद टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर को बड़ा झटका लगा है. ”

IPL 2026: आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच 31 मार्च को खेला गया, जिसमें पंजाब किंग्स ने रोमांचक अंदाज़ में 3 विकेट से जीत दर्ज कर सीजन की शानदार शुरुआत की. हालांकि इस जीत के बावजूद टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर को बड़ा झटका लगा है. बीसीसीआई ने श्रेयस अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. यह कार्रवाई गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में स्लो ओवर रेट के कारण की गई. आईपीएल द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह इस सीजन में पंजाब किंग्स का ओवर-रेट से जुड़ा पहला उल्लंघन था, जो आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत आता है. नियमों के मुताबिक, पहली बार स्लो ओवर रेट का दोषी पाए जाने पर टीम के कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाता है. यदि यही गलती दोहराई जाती है, तो जुर्माना बढ़कर 24 लाख रुपये तक पहुंच सकता है, और आगे की स्थिति में कप्तान पर बैन भी लगाया जा सकता है.
पहले भी लग चुका है जुर्माना
श्रेयस अय्यर के लिए यह पहली बार नहीं है जब उन्हें स्लो ओवर रेट के लिए सजा मिली हो. पिछले सीजन में भी उन पर दो बार जुर्माना लगाया गया था—पहली बार 12 लाख रुपये और दूसरी बार 24 लाख रुपये.
ऋषभ पंत को भी मिल चुकी है कड़ी सजा
आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान रहते हुए ऋषभ पंत को लगातार तीन बार स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया था. इसके चलते उन पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था और एक मैच के लिए बैन भी किया गया था. पंजाब किंग्स ने भले ही जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की हो, लेकिन टीम मैनेजमेंट के लिए ओवर रेट बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है. कप्तान श्रेयस अय्यर को आगे के मैचों में इस पर विशेष ध्यान देना होगा, ताकि टीम को किसी भी तरह की अतिरिक्त सजा का सामना न करना पड़े.

