छापर में अपराधियों का तांडव, फायरिंग के बाद जेसीबी फूंकी; लेवी नहीं देने पर वारदात का आरोप
रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर में 12 अक्टूबर की देर रात फायरिंग और आगजनी से दहशत फैल गई. बालू लोडिंग में लगी जेसीबी मशीन को आग के हवाले करने और मारपीट की सूचना है. प्रारंभिक चर्चाओं के मुताबिक, वारदात के पीछे लेवी विवाद की आशंका जताई जा रही है.

Budmu: रांची जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर में 12 अक्टूबर की देर रात फायरिंग और आगजनी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे बालू लोडिंग के काम में लगी एक जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया गया. घटना के दौरान कई लोगों के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है. वारदात के बाद स्थानीय लोगों और बालू कारोबार से जुड़े लोगों में भय का माहौल है.
लेवी विवाद में वारदात को अंजाम देने का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, घटना के पीछे बालू कारोबार से जुड़े लोगों से लेवी की मांग और कथित तौर पर रकम नहीं मिलने का विवाद बताया जा रहा है. आरोप है कि पहले भी कारोबारियों को धमकी दी गई थी. 12 अक्टूबर की देर रात पहुंचे अपराधियों ने कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग की और जेसीबी मशीन में आग लगा दी. हालांकि, घटना में शामिल लोगों की संख्या और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
राहुल दुबे के नाम से सोशल मीडिया पोस्ट
घटना के बाद फेसबुक पर गैंगस्टर राहुल दुबे के नाम से एक पोस्ट सामने आया है. इसमें छापर की घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. पोस्ट में आठ से दस राउंड गोली चलाने, लोडर में आग लगाने और बालू घाट पर काम बंद रखने की धमकी देने की बात कही गई है. हालांकि, पोस्ट की प्रामाणिकता और घटना में संबंधित व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
बालू कारोबार में वर्चस्व को लेकर सवाल
छापर बालू घाट पर कथित लेवी वसूली और कारोबार पर वर्चस्व को लेकर विवाद की चर्चा पहले भी होती रही है. ताजा घटना ने कारोबारियों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. ऐसे में सवाल बुढ़मू और ठाकुरगांव पुलिस की कर्यशैली पर भी उठ रहे हैं.



