प्रणव झा होंगे झारखंड कांग्रेस से राज्यसभा के उम्मीदवार, उम्मीदवारों की सूची जारी
“कांग्रेस ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है. पार्टी ने झारखंड से प्रणव झा को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है. ”

Ranchi: कांग्रेस ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है. पार्टी ने झारखंड से प्रणव झा को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है. बोकारो निवासी प्रणव झा लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं और वर्तमान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निजी सचिव (पीएस) के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय माकन के निजी सचिव भी रह चुके हैं. कांग्रेस द्वारा जारी सूची के अनुसार, कर्नाटक से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, मीनाक्षी नटराजन को मध्य प्रदेश, नीरज डांगी को राजस्थान और प्रवीन चक्रवर्ती को तमिलनाडु से राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया है.
प्रणव झा का नाम सामने आने के बाद झारखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है. संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहने और केंद्रीय नेतृत्व के करीबी सहयोगी होने के कारण उनकी उम्मीदवारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कांग्रेस की ओर से जारी इस सूची को आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है. झारखंड से प्रणव झा को उम्मीदवार बनाए जाने से राज्य की राजनीति में भी नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

