विश्व पर्यावरण सप्ताह पर उधवा झील में चला स्वच्छता और पौधारोपण अभियान
“विश्व पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर उधवा झील पक्षी आश्रयणी में स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. ”

साहिबगंज से अमान की रिपोर्ट-
Sahibganj: विश्व पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर उधवा झील पक्षी आश्रयणी में स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान वनकर्मियों ने झील के किनारों और आसपास के क्षेत्रों में फैले प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया. साथ ही आश्रयणी परिसर में पौधारोपण कर हरित आवरण बढ़ाने की पहल की गई.
आर्द्रभूमि संरक्षण और जनभागीदारी पर दिया गया जोर
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और आगंतुकों को आर्द्रभूमियों के महत्व, स्वच्छ परिवेश की आवश्यकता तथा पक्षी संरक्षण में जनसहभागिता की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई. वनकर्मियों ने बताया कि उधवा झील पक्षी आश्रयणी झारखंड की महत्वपूर्ण आर्द्रभूमियों में शामिल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में प्रवासी और स्थानीय पक्षी पहुंचते हैं. अधिकारियों ने लोगों से झील क्षेत्र को स्वच्छ रखने और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की. कार्यक्रम में प्रधान वनरक्षी अखिलेश मरांडी, जलज समन्वयक वरुण कुमार सहित कई वनकर्मी मौजूद थे.

