SIR पर बीजेपी ने चुनाव आयोग से की दो बड़ी शिकायतें, CM की तस्वीर वाले बैग और डुप्लीकेट वोटर एंट्री पर उठाए सवाल
“झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के बीच बीजेपी ने चुनाव आयोग को दो अलग-अलग शिकायतें भेजी हैं. पार्टी ने पश्चिमी सिंहभूम में BLO द्वारा मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले बैग के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है.”

Ranchi : झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के बीच बीजेपी ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया है. पार्टी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दो अलग-अलग शिकायतें भेजते हुए गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है. पहली शिकायत पश्चिमी सिंहभूम जिले में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा मतदाता सत्यापन के दौरान मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले बैग का इस्तेमाल किए जाने को लेकर की गई है. वहीं दूसरी शिकायत जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर कुछ मतदाताओं के नाम दो-दो स्थानों पर दर्ज होने और अलग-अलग EPIC नंबर जारी होने से जुड़ी है. बीजेपी का कहना है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसी संवेदनशील प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और राजनीतिक प्रभाव से मुक्त होनी चाहिए. पार्टी ने दोनों मामलों की स्वतंत्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है.
CM की तस्वीर वाले बैग पर जताई आपत्ति, आयोग से मांगी कार्रवाई
बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में कुछ बूथ लेवल ऑफिसर मतदाता सत्यापन अभियान के दौरान मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले बैग का उपयोग कर रहे हैं. पार्टी का कहना है कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उससे जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऐसी किसी भी सामग्री का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, जिससे राजनीतिक संदेश जाने की आशंका हो. बीजेपी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पूरे प्रकरण की जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है. पार्टी का दावा है कि शिकायत के साथ संबंधित साक्ष्य भी आयोग को उपलब्ध कराए गए हैं.
जगन्नाथपुर में डुप्लीकेट वोटर एंट्री का आरोप
बीजेपी ने अपनी दूसरी शिकायत में पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-176 का मामला उठाया है. पार्टी का दावा है कि यहां कुछ मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज हैं. इतना ही नहीं, संबंधित मतदाताओं के अलग-अलग EPIC नंबर होने की बात भी शिकायत में कही गई है. पार्टी का कहना है कि यदि यह तथ्य सही है तो यह मतदाता सूची की शुद्धता और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है. इसलिए आयोग को पूरे मामले की तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए.
मतदाता सूची की पारदर्शिता बनाए रखने की मांग
बीजेपी ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है. ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकती है. पार्टी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से दोनों शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने, यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और मतदाता सूची में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने की मांग की है. पार्टी का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच होना जरूरी है.

