जमशेदपुर हत्याकांड पर भाजपा का हेमंत सरकार पर हमला, फास्ट ट्रैक ट्रायल और 3 जुलाई को बंद का ऐलान
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हेमंत सोरेन सरकार को घेरा है और पुलिस की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Ranchi: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए हेमंत सोरेन सरकार को घेरा है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हो रही है.
'पुलिस की मौजूदगी में हुई हत्या'
आदित्य साहू ने कहा कि जमशेदपुर में एक युवक की हत्या पुलिस की मौजूदगी में हुई, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. उनका आरोप है कि घटना के दौरान पुलिस समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी. भाजपा ने मांग की है कि इस हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके. साथ ही घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए.
पीड़ित परिवार को मुआवजा और सुरक्षा की मांग
भाजपा ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. आदित्य साहू ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और चोरी जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध नियंत्रण पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय अन्य गतिविधियों में उलझी हुई है. उन्होंने जमशेदपुर और सरायकेला में नए पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए.
3 जुलाई को जमशेदपुर बंद, आंदोलन की चेतावनी
भाजपा ने इस मामले को लेकर आंदोलन का भी ऐलान किया है. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पहले मशाल जुलूस निकालेगी और 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आयोजन करेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य में कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा पूरे झारखंड में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी. वहीं भाजपा नेता नीरज सिंह पर दर्ज एफआईआर के संबंध में पूछे गए सवाल पर आदित्य साहू ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए और भाजपा किसी भी दोषी का संरक्षण नहीं करेगी.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment