कल से महंगा मिलेगा अमूल दूध, 2 रुपये प्रति लीटर बढ़े दाम ; जानिए नए रेट कितने हुए
“अमूल ने पूरे देश में दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें 14 मई से लागू होंगी. कंपनी ने पशु आहार, पैकेजिंग और ईंधन की बढ़ती लागत को इसकी वजह बताया है. अमूल गोल्ड, ताजा, गाय और भैंस के दूध की कीमतों में बदलाव किया गया है.”

देशभर में दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है. अमूल ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. नई दरें 14 मई, गुरुवार से पूरे देश में लागू होंगी. कंपनी का कहना है कि पशु आहार, पैकेजिंग और परिवहन लागत बढ़ने की वजह से यह फैसला लिया गया है. अमूल के मुताबिक किसानों को बेहतर भुगतान और बढ़ती उत्पादन लागत को संतुलित करने के लिए दाम बढ़ाना जरूरी हो गया था. इससे पहले कंपनी ने मई 2025 में भी दूध के दाम बढ़ाए थे. नई कीमतों के लागू होने के बाद आम लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ सकता है, खासकर उन परिवारों पर जहां रोजाना दूध की खपत ज्यादा है.
बढ़ोतरी औसतन 2.5 से 3.5 प्रतिशत तक
अमूल की ओर से जारी नई दरों के अनुसार अब फुल क्रीम दूध यानी अमूल गोल्ड 500 मिली पैकेट 35 रुपये और एक लीटर 70 रुपये में मिलेगा. अमूल ताजा दूध 500 मिली के लिए 30 रुपये और एक लीटर के लिए 58 रुपये में मिलेगा. वहीं अमूल गाय का दूध 500 मिली पैकेट 31 रुपये में बिकेगा. भैंस के दूध की कीमत भी बढ़ाकर 500 मिली के लिए 38 रुपये कर दी गई है. कंपनी के मुताबिक यह बढ़ोतरी औसतन 2.5 से 3.5 प्रतिशत तक है.
क्यों बढ़ाए गए दूध के दाम
कंपनी का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में पशुओं के चारे, पैकेजिंग सामग्री और ईंधन की लागत में लगातार बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा डेयरी किसानों को अधिक भुगतान देने के लिए भी कीमतों में बदलाव किया गया है. सहकारी संस्था जीसीएमएमएफ के अनुसार किसानों के खरीद मूल्य में भी बढ़ोतरी की गई है, ताकि दूध उत्पादन करने वालों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े. अमूल ने साफ किया है कि बढ़ती लागत को देखते हुए यह फैसला जरूरी हो गया था.



