211 रन का पहाड़, 19 रन की जीत… पाकिस्तान को हराकर भारत ने फिर जीता एशियन गेम्स का गोल्ड
भारत ने एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीत लिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान 192/5 रन ही बना सका. अभिषेक शर्मा ने 61 और तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन की शानदार पारी खेली.

ASIAN GAMES 2026: एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 192 रन ही बना सकी. इस तरह भारत ने 19 रन से मुकाबला जीत लिया. भारत की जीत में अभिषेक शर्मा की 61 रन की तेज पारी और तिलक वर्मा की 51 रन की नाबाद पारी ने अहम भूमिका निभाई. पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने 50 गेंदों में 96 रन बनाकर मुकाबले को आखिरी ओवरों तक रोमांचक बनाए रखा, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव में लक्ष्य का बचाव कर लिया.
अभिषेक का तूफान, तिलक ने दिया फिनिशिंग टच
टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. शुरुआत में वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन जल्दी आउट हो गए, लेकिन अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले में ही पाकिस्तान पर दबाव बना दिया. उन्होंने 28 गेंदों में 61 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. अभिषेक के आउट होने के बाद भारतीय पारी थोड़ी धीमी हुई. ईशान किशन ने 20 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 21 रन बनाए. इसके बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला. उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 22 गेंदों पर 51 रन बनाकर नाबाद रहे. शिवम दुबे ने भी 15 गेंदों पर 27 रन की उपयोगी पारी खेली. आखिरी ओवरों में तिलक और दुबे की तेज बल्लेबाजी से भारत 211 रन तक पहुंचा.
हसन नवाज ने डराया, लेकिन भारत ने आखिरी ओवरों में बचाया मैच
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बहुत तेज नहीं रही, लेकिन हसन नवाज ने पारी को संभाल लिया. उन्होंने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 96 रन बना दिए. एक समय पाकिस्तान की टीम लक्ष्य के करीब पहुंचती दिख रही थी. भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई के तीन ओवर में 44 रन चले गए, जिससे मुकाबले में पाकिस्तान की वापसी की उम्मीद बढ़ी. लेकिन आखिरी चरण में भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा. पाकिस्तान को अंतिम दो ओवर में 44 रन की जरूरत थी. जसप्रीत बुमराह के 19वें ओवर ने पाकिस्तान की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया और आखिरी ओवर से पहले उसके सामने 33 रन की चुनौती रह गई. पाकिस्तान 192/5 तक ही पहुंच सका और भारत ने 19 रन से फाइनल जीत लिया.
लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में क्रिकेट का गोल्ड भारत के नाम
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट का गोल्ड लगातार दूसरी बार अपने नाम किया है. 2023 में हांगझू एशियन गेम्स में भारत को बारिश से प्रभावित फाइनल में बेहतर रैंकिंग के आधार पर अफगानिस्तान के खिलाफ गोल्ड मिला था. इस बार भारतीय टीम ने फाइनल को पूरा खेलकर पाकिस्तान को हराया और सीधे मुकाबले में गोल्ड मेडल जीता. भारत की यह पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में 2021 के बाद लगातार सातवीं जीत भी है. कुल मिलाकर दोनों टीमों के बीच 18 टी20 मुकाबलों में भारत की यह 15वीं जीत है. 2026 एशियन गेम्स में यह भारत का 19वां गोल्ड मेडल भी है. महिला क्रिकेट टीम पहले ही श्रीलंका को हराकर अपना गोल्ड बरकरार रख चुकी है. यानी एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के दोनों गोल्ड मेडल भारत के नाम रहे.


