17वीं संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मिट, 77 अधिकारी व जवानों ने लिया हिस्सा
साहिबगंज पुलिस लाइन स्थित एसपी कार्यालय सभागार में 17वीं संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मिट 2026-27 का विधिवत शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने किया.

साहिबगंज से अमान की रिपोर्ट-
Sahebganj: साहिबगंज पुलिस लाइन स्थित एसपी कार्यालय सभागार में 17वीं संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मिट 2026-27 का विधिवत शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने किया. इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया. एसपी ने कहा कि बदलते समय के साथ अपराध के स्वरूप और तकनीक में तेजी से बदलाव आया है. ऐसे में पुलिसकर्मियों को आधुनिक जांच पद्धतियों, नई तकनीकों और डिजिटल उपकरणों की जानकारी होना बेहद आवश्यक है. पुलिस ड्यूटी मिट इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर आयोजित की जाती है, ताकि पुलिस बल अपनी कार्यक्षमता को और बेहतर बना सके तथा अपराध अनुसंधान में दक्षता हासिल कर सके.
छह जिलों के 77 अधिकारी और जवान हुए शामिल
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मिट में संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों के कुल 77 पुलिस अधिकारी और जवान भाग ले रहे हैं. इनमें 11 पुलिस निरीक्षक, 24 पुलिस अवर निरीक्षक, 15 सहायक अवर निरीक्षक और 27 आरक्षी शामिल हैं. प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों की विभिन्न पुलिसिंग और अनुसंधान संबंधी क्षमताओं का मूल्यांकन किया जाएगा. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी और जवान राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मिट में भाग लेने का अवसर प्राप्त करेंगे. इसके बाद चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी शामिल हो सकेंगे. आयोजन का उद्देश्य पुलिस बल के भीतर पेशेवर दक्षता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है.
आधुनिक पुलिसिंग और अनुसंधान कौशल की होगी परीक्षा
तीन दिवसीय इस पुलिस ड्यूटी मिट में अपराध अनुसंधान, विधि विज्ञान, कंप्यूटर साक्षरता, साइबर अपराध नियंत्रण, पुलिस फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. प्रतिभागियों की घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, उनके वैज्ञानिक विश्लेषण, डिजिटल जांच, साइबर अपराधों से निपटने की क्षमता तथा अपराध स्थल के सटीक दस्तावेजीकरण की दक्षता का परीक्षण किया जाएगा. इसके अलावा पुलिस निरीक्षक और अवर निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के लिए विधि विज्ञान, मेडिको-लीगल, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, कोर्ट जजमेंट, अंगुलांक विज्ञान और फोटोग्राफी से संबंधित लिखित, मौखिक और प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित होंगी. वहीं सहायक अवर निरीक्षक और आरक्षियों के लिए ऑब्जर्वेशन, पुलिस पोर्ट्रेट, कंप्यूटर साक्षरता और अन्य व्यवहारिक विषयों की प्रतियोगिताएं होंगी.
डीएनए जांच और फोरेंसिक तकनीकों पर भी रहेगा फोकस
पुलिस ड्यूटी मिट के दौरान प्रतिभागियों को डीएनए सैंपल कलेक्शन, फोरेंसिक जांच, बॉडी एग्जामिनेशन और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी अपनी दक्षता प्रदर्शित करनी होगी. प्रतियोगिता का मूल्यांकन विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञ जूरी सदस्य करेंगे. पुलिस विभाग का मानना है कि इस तरह के आयोजन पुलिस बल में वैज्ञानिक जांच पद्धति को बढ़ावा देने के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों के उपयोग को भी मजबूत करते हैं. प्रतियोगिता के अंतिम दिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. इसके साथ ही चयनित अधिकारी और जवान राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की पुलिस ड्यूटी मिट में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे.
छह जिलों से आए प्रतिभागियों का विवरण
संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मिट में जामताड़ा, गोड्डा, देवघर, दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों के अधिकारी एवं जवान शामिल हुए हैं. जामताड़ा, गोड्डा और देवघर जिलों से 10-10 प्रतिभागी पहुंचे हैं, जबकि दुमका से सबसे अधिक 18 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं. पाकुड़ से 14 और मेजबान जिला साहिबगंज से 15 अधिकारी एवं जवान प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं. कार्यक्रम में एसडीपीओ राजमहल विमलेश त्रिपाठी, एसडीपीओ बरहरवा नितिन खंडेलवाल, प्रशिक्षक डीएसपी एस. सुधाकर सहित कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ और जूरी सदस्य भी रांची से साहिबगंज पहुंचे हैं, जो प्रतियोगिता का मूल्यांकन करेंगे.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment