वासेपुर में देर रात फायरिंग: गैंगस्टर फहीम खान के बेटे के ड्राइवर को मारी गोली
“वासेपुर इलाके में शुक्रवार देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर हैदर अंसारी उर्फ बबली खान को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी”

Dhanbad: वासेपुर इलाके में शुक्रवार देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर हैदर अंसारी उर्फ बबली खान को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी. घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्गापुर रेफर किया गया है.
तरावीह के दौरान हुई वारदात
बताया जा रहा है कि रमजान के पहले जुमे की रात करीब 11 बजे तरावीह की नमाज के दौरान इलाके में काफी चहल-पहल थी. इसी दौरान एक दुकान के पास दो संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए. स्थानीय लोगों ने शक होने पर उनसे पूछताछ की. इसी बीच बबली खान और एक युवक के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर एक युवक ने पिस्तौल निकालकर बबली खान पर गोली चला दी. गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और दोनों हमलावर पैदल ही कलालीबागान की ओर फरार हो गए.
अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अशर्फी अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दुर्गापुर रेफर कर दिया. फिलहाल उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.
पुलिस जांच में जुटी, गैंगवार की आशंका
सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और भूली थाना प्रभारी अभिनव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दो संदिग्ध युवकों के दिखने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को गैंगवार से जोड़कर देख रही है. बताया जा रहा है कि प्रिंस खान और फहीम खान के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. एहतियातन पूरे वासेपुर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—आपसी रंजिश, गैंगवार और अन्य संभावित कारणों—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.

