Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर कब करें गंगा स्नान और दीपदान? जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और धार्मिक महत्व
कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को मनाई जाएगी. इस दिन गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व है. ज्योतिषाचार्य पंडित दिनकर झा ने स्नान-दान और दीपदान के शुभ मुहूर्त बताए हैं. जानिए पूर्णिमा की तिथि, पूजा का समय और देव दीपावली से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं.

Ranchi: सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को बेहद पवित्र तिथि माना जाता है. इस दिन गंगा समेत पवित्र नदियों में स्नान, दान-पुण्य और शाम को दीपदान करने की विशेष परंपरा है. धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर विधि-विधान से स्नान और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है. वहीं, नदी किनारे या मंदिरों में दीप जलाने को दस यज्ञों के बराबर फलदायी माना गया है. इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा का पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा. ज्योतिषाचार्य पंडित दिनकर झा के अनुसार, इस बार पूर्णिमा पर कृतिका नक्षत्र और परिघ योग का संयोग बन रहा है. शाम को परिघ योग समाप्त होने के बाद शिव योग शुरू होगा. ऐसे में स्नान, दान और दीपदान के लिए अलग-अलग शुभ समय निर्धारित हैं. आइए जानते हैं कार्तिक पूर्णिमा की तिथि, स्नान-दान का मुहूर्त और इस पर्व से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं.
कार्तिक पूर्णिमा की तिथि और नक्षत्र का संयोग
पंडित दिनकर झा के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा की तिथि 23 नवंबर की रात 11:42 बजे से शुरू होकर 24 नवंबर की रात 08:23 बजे तक रहेगी. इस दौरान कृतिका नक्षत्र का संयोग रहेगा. शाम 04:06 बजे तक परिघ योग रहेगा, जिसके बाद शिव योग प्रारंभ होगा. वहीं, रात 11:25 बजे के बाद रोहिणी नक्षत्र लग जाएगा. धार्मिक दृष्टि से इन योगों को पर्व की पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए महत्वपूर्ण माना गया है.
गंगा स्नान और दान के लिए शुभ मुहूर्त
कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान और दान करना विशेष फलदायी माना जाता है. इस दिन सुबह 05:03 बजे से 05:57 बजे तक ब्रह्म मुहूर्त रहेगा. इसके अलावा अभिजित मुहूर्त सुबह 11:47 बजे से दोपहर 12:29 बजे तक और विजय मुहूर्त दोपहर 01:53 बजे से 02:36 बजे तक रहेगा. मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने और जरूरतमंदों को दान देने से पुण्य मिलता है.
शाम को इस समय करें दीपदान
कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का भी विशेष महत्व है. ज्योतिषाचार्य के अनुसार, 24 नवंबर को शाम 05:08 बजे से 07:47 बजे तक दीपदान का शुभ समय रहेगा. इस दौरान मंदिरों, पीपल के पेड़ के नीचे, चौराहों और नदी किनारे दीप जलाने की परंपरा है. चंद्रोदय लगभग शाम 05:01 बजे होगा. धार्मिक मान्यता है कि पूर्णिमा की शाम दीपदान करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है.
भगवान विष्णु के मत्स्यावतार से जुड़ी है मान्यता
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन मत्स्यावतार लिया था. इसी तिथि पर गंगा और गंडक के संगम में ग्राह के चंगुल में फंसे गज की पुकार सुनकर भगवान विष्णु ने उसकी रक्षा की थी. इस दिन चंद्रायण व्रत का समापन भी होता है. मान्यता है कि ब्रह्मा, विष्णु, शिव, अंगिरा और आदित्य ने इस तिथि को महापुनीत पर्व माना है. पंडित दिनकर झा के मुताबिक, इस अवसर पर ब्राह्मणों और गरीबों को भोजन कराना, क्षीर दान, शिक्षा दान और बड़ों का आशीर्वाद लेना शुभ माना जाता है.
त्रिपुरी पूर्णिमा और गुरु पर्व का भी है महत्व
कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरी पूर्णिमा और देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है. पंडित पवन झा के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर और उसके पुत्रों का संहार किया था. इसी विजय की खुशी में मंदिरों में दीप जलाकर देव दीपावली मनाई जाती है. इसके अलावा यह दिन सिख समुदाय के लिए भी बेहद खास है, क्योंकि इसी तिथि को गुरु नानक देव का जन्म हुआ था. गुरुद्वारों में विशेष आयोजन होते हैं, गुरु नानक देव के उपदेशों का पाठ किया जाता है और लंगर के माध्यम से लोगों को भोजन कराया जाता है. इस तरह कार्तिक पूर्णिमा स्नान, दान, दीपदान और सेवा के साथ आस्था का विशेष पर्व बन जाती है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंHazaribagh Encounter: हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़, दो अपराधियों को लगी गोली, दो फरार
CM हेमंत सोरेन ने 3,044 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, IIT मद्रास के साथ AI को लेकर हुआ बड़ा समझौता
कोयला लोड हाईवा में आगजनी मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और मोबाइल बरामद

पूर्व CM अर्जुन मुंडा की मां का निधन, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

बोकारो स्टील प्लांट में बिजली फॉल्ट, 2 घंटे ठप रही ब्लास्ट फर्नेस की सप्लाई; शहर में अब भी बिजली गुल

बारिश के बाद बदलेगा मौसम, 24 नवंबर से तेजी से गिरेगा पारा; बढ़ेगी ठिठुरन


