झारखंड में कल एक दशक बाद J-TET की परीक्षा, नकल रोकने के लिए पुलिस का पहरा; 112 मेटल डिटेक्टर तैनात, CM हेमंत की अपील
झारखंड में करीब एक दशक बाद 1 नवंबर को शिक्षक पात्रता परीक्षा (J-TET) 2026 आयोजित होने जा रही है. परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. रांची, धनबाद, पाकुड़, जामताड़ा और चाईबासा में कुल 112 हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर तैनात किए गए हैं.

Ranchi: झारखंड में करीब एक दशक के इंतजार के बाद होने जा रही शिक्षक पात्रता परीक्षा (J-TET)-2026 को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा का पूरा खाका तैयार किया है. एक नवंबर को होने वाली परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी और नकल रोकने के लिए पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है. परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच के लिए पांच जिलों को कुल 112 हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर उपलब्ध कराए गए हैं. वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त बनाने में सहयोग की अपील की है. जैक और जिला प्रशासन ने केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था भी की है. सरकार ने साफ कर दिया है कि परीक्षा में गड़बड़ी करने या कराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
पांच जिलों में 112 मेटल डिटेक्टर, रांची को सबसे ज्यादा 50
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए स्पेशल ब्रांच, रांची ने विभिन्न जिलों को हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है. इसके तहत संबंधित जिलों को वाहन भेजकर धुर्वा स्थित एचएचएमडी संरक्षण केंद्र से उपकरण लेने और परीक्षा समाप्त होने के बाद सुरक्षित वापस जमा कराने को कहा गया है. इन उपकरणों से परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तलाशी ली जाएगी, ताकि कोई प्रतिबंधित वस्तु परीक्षा हॉल तक नहीं पहुंच सके.
जिलावार आवंटन इस प्रकार है—
रांची : 50
धनबाद : 25
पाकुड़ : 12
जामताड़ा : 12
चाईबासा : 13
केंद्रों पर CCTV से निगरानी, कदाचार करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने जिला प्रशासन के सहयोग से परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां की हैं. परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी. सरकार की प्राथमिकता परीक्षा को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के साथ समय पर परिणाम जारी करना भी है. कदाचार रोकने के लिए झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 का सख्ती से पालन कराया जाएगा. परीक्षा में नकल करने या कराने वालों के खिलाफ इसी कानून के तहत कार्रवाई होगी. वहीं, निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने वाले संबंधित कर्मियों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
CM हेमंत ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से मांगा सहयोग
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार और मानव संसाधन के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. इसके लिए परीक्षाओं का शांतिपूर्ण और पूरी तरह कदाचारमुक्त होना जरूरी है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने को कहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी के सहयोग से परीक्षा पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी.

