ISC 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी, 9 फरवरी से 8 अप्रैल तक होंगी परीक्षाएं
CISCE ने ISC 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी कर दी है. परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी। बोर्ड ने CCTV निगरानी, मोबाइल और AI गैजेट्स पर प्रतिबंध समेत कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं. जानिए परीक्षा का समय और रिजल्ट से जुड़ी जरूरी जानकारी.

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने ISC यानी 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 का कार्यक्रम जारी कर दिया है. बोर्ड की ओर से जारी टाइम-टेबल के मुताबिक, परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी. परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए समय-सारिणी के साथ जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं. इस बार परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के विशेष इंतजाम किए जाएंगे. सीसीटीवी कैमरों के जरिए परीक्षा की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी. इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और AI आधारित गैजेट्स को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी. ज्यादातर विषयों की परीक्षा दोपहर 2 बजे से होगी, जबकि कुछ आर्ट्स विषयों के पेपर सुबह 9 बजे से आयोजित किए जाएंगे. विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी मिलेगा.
दोपहर 2 बजे से होगी ज्यादातर विषयों की परीक्षा
CISCE के कार्यक्रम के अनुसार, अधिकांश विषयों की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. वहीं, कुछ आर्ट्स विषयों की परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होगी. विद्यार्थियों को प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे. दोपहर की परीक्षा के लिए प्रश्न-पत्र 1:45 बजे और सुबह की परीक्षा के लिए 8:45 बजे उपलब्ध कराया जाएगा. परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से आधे घंटे पहले परीक्षा कक्ष में पहुंचना होगा.
परीक्षा केंद्रों पर CCTV से रखी जाएगी नजर
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था रहेगी. केंद्र प्रमुखों को प्रतिबंधित सामान की जांच के लिए विद्यार्थियों की तलाशी लेने का अधिकार दिया गया है. नियमित छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म में परीक्षा देनी होगी. वहीं, प्राइवेट और गैर-नियमित परीक्षार्थी हल्के रंग के सभ्य कपड़े पहनकर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे.
मोबाइल और AI गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्र में एडमिट कार्ड और जरूरी स्टेशनरी ले जाने की अनुमति होगी. छात्र नीले या काले पेन, पेंसिल, स्केल, इरेजर और शार्पनर रख सकेंगे. निर्धारित मानकों वाला बेसिक कैलकुलेटर भी इस्तेमाल किया जा सकेगा.
हालांकि, मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, स्मार्ट रिंग, फिटनेस बैंड, वायरलेस ईयरबड्स, AI स्मार्ट चश्मे और ब्लूटूथ उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे. स्कैनर पेन, रिकॉर्डिंग पेन, ट्रांसलेशन पेन, किताबें और नोट्स ले जाने पर भी रोक रहेगी.
नकल करने पर परीक्षा से हो सकते हैं निष्कासित
CISCE ने अनुचित साधनों के इस्तेमाल को लेकर सख्त चेतावनी दी है. उत्तर-पुस्तिका में जवाब नीले या काले पेन से लिखने होंगे. पेंसिल का इस्तेमाल केवल चित्र और डायग्राम बनाने के लिए किया जा सकेगा. कॉपी के पहले पन्ने पर यूनिक आईडी, इंडेक्स नंबर और विषय का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज करना अनिवार्य होगा.
नकल करने, दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देने या फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल करने पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है. ऐसे मामलों में परीक्षा से निष्कासन के साथ पुलिस कार्रवाई भी की जा सकती है.
अप्रैल-मई में आ सकता है रिजल्ट, तीन विषयों में सुधार का मौका
ISC 2027 का परिणाम अप्रैल या मई में घोषित होने की संभावना है. विद्यार्थी CISCE की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर अपना रिजल्ट देख सकेंगे. अंकों से संतुष्ट नहीं होने वाले छात्र निर्धारित अवधि में रीचेकिंग और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे. रीचेकिंग के लिए परिणाम जारी होने के चार दिनों के भीतर और पुनर्मूल्यांकन के लिए तीन दिनों के अंदर आवेदन करना होगा.
इसके अलावा, विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में इम्प्रूवमेंट परीक्षा दे सकेंगे. इसमें केवल थ्योरी पेपर आयोजित होंगे. प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट के पुराने अंक ही अंतिम परिणाम में जोड़े जाएंगे. बोर्ड के अनुसार, परिणाम घोषित होने के 60 दिनों बाद उत्तर-पुस्तिकाएं नष्ट कर दी जाएंगी.

