झारखंड की बेटियों के दम पर भारत सेमीफाइनल में, पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा
महिला जूनियर एशिया कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 19-0 के रिकॉर्ड अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. भारत की इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की बेटियों का भी शानदार योगदान रहा. रोशनी आइंद ने 2 फील्ड गोल किए, जबकि बिनिमा धान ने एक गोल दागा.

Womens Junior Asia Cup 2026: महिला जूनियर एशिया कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 19-0 के रिकॉर्ड अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही पाकिस्तान पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा. पहले क्वार्टर में 5, दूसरे में 5, तीसरे में 3 और आखिरी क्वार्टर में 6 गोल दागे. भारत को पूरे मुकाबले में 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जबकि पाकिस्तान की टीम भारतीय गोलपोस्ट पर कोई खास दबाव नहीं बना सकी.
रोशनी आइंद और बिनिमा धान ने दागे गोल
भारत की इस रिकॉर्ड जीत में पूजा मलिक ने हैट्रिक लगाई. सानिका माने, मधु सिदार, रोशनी आइंद और सुप्रिया ने 2-2 गोल किए. इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की बेटियों का भी शानदार योगदान रहा. रोशनी आइंद ने पाकिस्तान के खिलाफ 2 शानदार फील्ड गोल दागे, जबकि बिनिमा धान ने भी एक गोल किया. भारतीय टीम में झारखंड की तीसरी खिलाड़ी पार्वती टोपनो भी शामिल हैं. यानी पाकिस्तान के खिलाफ भारत के 19 गोल में झारखंड की खिलाड़ियों ने 3 गोल का योगदान दिया.
बरियातू प्रशिक्षण केंद्र और कोच करुणा पूर्ति का योगदान
झारखंड के लिए इस उपलब्धि की एक और खास कड़ी बरियातू प्रशिक्षण केंद्र है. रोशनी आइंद, बिनिमा धान और पार्वती टोपनो ने बरियातू प्रशिक्षण केंद्र में कोच करुणा पूर्ति के मार्गदर्शन में हॉकी का प्रशिक्षण लिया है. बरियातू के मैदान पर प्रशिक्षण से शुरू हुआ इन तीनों खिलाड़ियों का सफर अब अंतरराष्ट्रीय जूनियर हॉकी के मंच तक पहुंच चुका है. पाकिस्तान के खिलाफ रोशनी और बिनिमा का गोल झारखंड की हॉकी प्रतिभा के साथ-साथ कोच करुणा पूर्ति और बरियातू प्रशिक्षण केंद्र की भूमिका को भी सामने लाता है.
अब सेमीफाइनल की बारी
पाकिस्तान पर 19-0 की ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टीम अब 12 सितंबर को सेमीफाइनल खेलेगी. टीम की नजर अब फाइनल में जगह बनाने पर है. हॉकी झारखंड ने भारतीय टीम की इस शानदार जीत पर पूरी टीम को बधाई दी है और सेमीफाइनल के लिए शुभकामनाएं दी हैं. बरियातू के प्रशिक्षण केंद्र से एशिया कप के मैदान तक... झारखंड की बेटियां अब भारतीय हॉकी की जीत में अपनी कहानी लिख रही हैं.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
Jharkhand Weather: झारखंड के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-वज्रपात की चेतावनी

JSSC CGL विवाद: 28 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ, कोडरमा के दो संदिग्ध हिरासत में





Leave a comment