CJP Protest: अभिजीत दिपके की हिरासत के बीच दादी का निधन, मां बोलीं- सरकार ने अच्छा नहीं किया
CJP संस्थापक अभिजीत दिपके के परिवार से दुखद खबर सामने आई है. उनकी 80 वर्षीय दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके का महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. इस बीच, अभिजीत दिपके दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं.

CJP Protest: दिल्ली में CJP प्रोटेस्ट के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके के परिवार से दुखद खबर सामने आई है. उनकी दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वह करीब 80 वर्ष की थीं. उन्होंने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में अंतिम सांस ली. सावित्रीबाई के निधन से परिवार और गांव में शोक का माहौल है. अभिजीत दिपके मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर के निवासी हैं, जबकि संतुक पिंपरी उनका पैतृक गांव है. जानकारी के मुताबिक, उनके माता-पिता अपने छत्रपति संभाजीनगर स्थित आवास ‘शंकर सदन’ से गांव जाने की तैयारी कर रहे हैं.
इस बीच, अभिजीत दिपके दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं. शनिवार को दिल्ली पहुंचने पर फ्लाइट के अंदर से ही उन्हें हिरासत में लिया गया था. CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हुई इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है. अभिजीत की मां ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि देश के लिए काम करने वाले बच्चों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करना उचित नहीं है. उन्होंने यह भी सवाल किया कि आखिर यह कैसा न्याय है, जहां उनके मुताबिक देश के लिए काम करने वालों पर कार्रवाई हो रही है, जबकि अपराध करने वालों के खिलाफ पर्याप्त कदम नहीं उठाए जाते.
अभिजीत दिपके की मां ने बताया कि उन्हें पहले से ही आशंका थी कि दिल्ली जाने पर उनके बेटे को हिरासत में लिया जा सकता है. उनके मुताबिक, जब अभिजीत घर से दिल्ली के लिए रवाना हो रहे थे, तब भी उन्होंने उन्हें इस बारे में आगाह किया था. हालांकि, अभिजीत ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि ऐसा कुछ नहीं होगा. अब दादी के निधन और अभिजीत के पुलिस हिरासत में होने के बीच परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा है. फिलहाल, इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और परिवार की स्थिति पर सबकी नजर बनी हुई है.


