FIH Women's Hockey World Cup 2026: भारतीय टीम में झारखंड की चार बेटियों का चयन, सलीमा टेटे बनीं कप्तान
एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए घोषित भारतीय टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों को जगह मिली है. सिमडेगा की सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग भी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

Hockey World Cup 2026: हॉकी इंडिया ने 15 से 30 अगस्त 2026 तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम में आयोजित होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है. इस टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है. सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि सिमडेगा की स्टार मिडफील्डर सलीमा टेटे को भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी सौंपी गई है. उनके अलावा खूंटी की निक्की प्रधान तथा सिमडेगा की ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग भी टीम का हिस्सा होंगी. झारखंड के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि पहली बार महिला हॉकी विश्व कप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए राज्य की चार खिलाड़ियों का एक साथ भारतीय टीम में चयन हुआ है.
सिमडेगा की तीन बेटियों ने रचा इतिहास
विश्व कप टीम में शामिल चार खिलाड़ियों में से तीन सिमडेगा जिले की हैं. सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग ने एक साथ भारतीय टीम में जगह बनाकर जिले को नई पहचान दिलाई है. वहीं निक्की प्रधान खूंटी जिले से हैं और लंबे समय से भारतीय महिला हॉकी टीम का अहम हिस्सा रही हैं. सिमडेगा को देश की 'हॉकी नर्सरी' कहा जाता है और इस चयन ने एक बार फिर इस पहचान को मजबूत किया है. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है. खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों का मानना है कि राज्य में लगातार बेहतर प्रशिक्षण, खिलाड़ियों की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का यह बड़ा परिणाम है.
विश्व कप में भारत का कार्यक्रम, चीन से होगी शुरुआत
भारतीय महिला हॉकी टीम हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप जीतकर शानदार फॉर्म में है. विश्व कप में भारत को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है. टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगी. इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा. भारतीय टीम के सभी ग्रुप मैच नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे. टीम का लक्ष्य पहली बार विश्व कप में यादगार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतने का होगा. कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में टीम से देश को बड़ी उम्मीदें हैं.
झारखंड में लगातार निखर रही हॉकी प्रतिभाएं
हॉकी झारखंड ने इस उपलब्धि को राज्य के खेल इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है. संगठन का कहना है कि राज्य सरकार के सहयोग, बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था और पारदर्शी चयन प्रक्रिया का परिणाम है कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम में जगह बना रहे हैं. हाल ही में घोषित एशियन गेम्स की भारतीय टीम में भी झारखंड के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ था. वहीं जुलाई 2026 में घोषित सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर भारतीय महिला टीमों में झारखंड के 13 खिलाड़ियों को जगह मिली, जबकि पुरुष सब-जूनियर टीम में भी राज्य का एक खिलाड़ी शामिल हुआ. यह राज्य में हॉकी की मजबूत परंपरा और उभरती प्रतिभाओं का प्रमाण माना जा रहा है.
चयनित खिलाड़ियों को मिली शुभकामनाएं
हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, हॉकी सिमडेगा, राज्य खेल विभाग और विभिन्न खेल संगठनों ने विश्व कप के लिए चयनित चारों खिलाड़ियों को बधाई दी है. सभी ने उम्मीद जताई है कि भारतीय टीम विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करेगी और देश के लिए नया इतिहास रचेगी. झारखंड के खेल प्रेमियों को भी अपनी बेटियों से बड़ी उम्मीदें हैं. सलीमा टेटे की कप्तानी में भारतीय टीम विश्व मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और देश का गौरव बढ़ाने के लिए तैयार है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts






Leave a comment