आज रांची पहुंचेंगे BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, स्वागत की तैयारी पूरी
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 23 अक्टूबर की शाम रांची पहुंचेंगे. वहीं, 24 और 25 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी. बैठक में संगठन को मजबूत करने, गिरिडीह उपचुनाव की रणनीति और झारखंड की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा होने की संभावना है.

Ranchi: BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज शाम सात बजे रांची पहुंचेंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद झारखंड का यह उनका दूसरा दौरा होगा. उनके स्वागत को लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर तैयारियां की गई हैं. गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश BJP कार्यालय में बैठक आयोजित हुई. इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों पर चर्चा की गई. पार्टी नेताओं के अनुसार, इस दौरे के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होगी. नितिन नबीन का झारखंड दौरा प्रदेश BJP के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
रांची में 24 और 25 अक्टूबर को होगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
झारखंड BJP के प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए रांची पहुंच चुके हैं. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होगी. इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यसमिति के सदस्य शामिल होंगे. बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और गिरिडीह उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है. इसके अलावा झारखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और पार्टी की भावी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा. बैठक में राज्य की राजनीतिक स्थिति से जुड़े प्रस्ताव भी पेश किए जा सकते हैं. इससे पहले जनवरी 2023 में देवघर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई थी.


