मोबाइल रिचार्ज पर बड़ी राहत! अब डेटा के पैसे देने की जरूरत नहीं!
“अब मोबाइल रिचार्ज होगा और भी सस्ता! TRAI के नए नियम के बाद Jio, Airtel, Vi समेत टेलीकॉम कंपनियों को सिर्फ कॉल और SMS वाले रिचार्ज के ज्यादा विकल्प देने होंगे. इन प्लान में डेटा शामिल नहीं होगा और डेटा वाले प्लान की तुलना में इनकी कीमत उचित रूप से कम रखनी होगी.”

TRAI New Rule: अगर आप मोबाइल में इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते या बहुत कम डेटा चलाते हैं, तो TRAI का नया नियम आपके लिए अहम हो सकता है. टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशन 2026 जारी किया है. इसके तहत टेलीकॉम कंपनियों को Voice और SMS-only रिचार्ज के ज्यादा विकल्प उपलब्ध कराने होंगे. खास बात यह है कि ऐसे प्लान में डेटा शामिल नहीं होगा और डेटा वाले समान अवधि के प्लान की तुलना में इनकी कीमत उचित रूप से कम करनी होगी. नियम 21 सितंबर 2026 को जारी हुआ है और आधिकारिक गजट में प्रकाशित होने के 30 दिन बाद लागू होगा. इसका फायदा खासतौर पर बुजुर्गों, फीचर फोन यूजर्स, ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहकों और उन लोगों को मिल सकता है, जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है.
अब कॉल और SMS वाले रिचार्ज के ज्यादा विकल्प मिलेंगे
नए नियम के तहत अगर कोई टेलीकॉम कंपनी किसी निश्चित अवधि का Voice, SMS और Data वाला प्लान उपलब्ध कराती है, तो उसे उसी अवधि के लिए Voice और SMS-only विकल्प भी देना होगा. उदाहरण के तौर पर 28 दिन का कॉलिंग, SMS और डेटा प्लान होने पर कंपनी को 28 दिन की वैलिडिटी वाला बिना डेटा का विकल्प भी उपलब्ध कराना होगा. 30 दिन या उससे कम की दूसरी वैलिडिटी वाले डेटा-बंडल प्लान के लिए भी इसी तरह Voice-SMS-only विकल्प देने होंगे. TRAI ने यह भी कहा है कि डेटा हटाए जाने के हिसाब से इन प्लान की कीमत में उचित कमी होनी चाहिए. हालांकि रेगुलेटर ने कोई निश्चित कीमत तय नहीं की है. कंपनियां अपनी कीमत निर्धारित कर सकेंगी, लेकिन डेटा के बिना प्लान को उचित रूप से सस्ता रखना होगा. इससे सिर्फ कॉल और SMS इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को अतिरिक्त डेटा के लिए भुगतान नहीं करना पड़ेगा.
छोटे रिचार्ज से लेकर लंबी वैलिडिटी तक मिलेगा विकल्प
TRAI के मुताबिक दिसंबर 2024 में Voice और SMS-only STV उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन ऐसे प्लान सीमित रहे और ज्यादातर लंबी वैलिडिटी के थे. नए नियम में ग्राहकों को ज्यादा विकल्प देने पर जोर दिया गया है. इसके अलावा कम से कम एक ऐसा Voice-SMS-only प्लान उपलब्ध कराने की बात है, जिसे हर महीने उसी तारीख को रिन्यू किया जा सके. अगर किसी महीने वह तारीख मौजूद नहीं है, तो महीने की आखिरी तारीख को रिन्यूअल किया जा सकेगा. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि हर 28 दिन वाला प्लान अपने आप 30 दिन का हो जाएगा. कंपनियों को सिर्फ ऐसा कम से कम एक विकल्प देना होगा. वहीं लंबी वैलिडिटी वाले प्लान भी जारी रहेंगे. TRAI के मुताबिक Voice और SMS-only पैक में डेटा नहीं होता और इनकी वैलिडिटी 365 दिन तक हो सकती है. यानी छोटे और लंबे, दोनों तरह के विकल्प उपलब्ध रहेंगे.
Jio, Airtel और Vi पर क्या होगा असर?
नए नियम का सीधा असर Jio, Airtel, Vi और अन्य टेलीकॉम कंपनियों के प्रीपेड प्लान पर पड़ेगा. कंपनियों को डेटा वाले प्लान के साथ बिना डेटा वाले विकल्प उपलब्ध कराने होंगे. TRAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि नए Voice-SMS-only प्लान मौजूदा डेटा-बंडल प्लान को खत्म नहीं करेंगे. जिन ग्राहकों को इंटरनेट डेटा चाहिए, वे पहले की तरह डेटा वाले रिचार्ज ले सकेंगे. नए विकल्प मुख्य रूप से उन ग्राहकों के लिए होंगे, जिन्हें डेटा की जरूरत नहीं है. इनमें फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले, बुजुर्ग, दूसरा SIM केवल कॉलिंग के लिए रखने वाले और Wi-Fi पर निर्भर ग्राहक शामिल हो सकते हैं. TRAI ने कंपनियों की उस दलील को स्वीकार नहीं किया कि ऐसे प्लान की कम मांग का मतलब ग्राहकों को इनकी जरूरत नहीं है. रेगुलेटर के अनुसार सीमित वैलिडिटी और कम उपलब्धता भी इसकी वजह हो सकती है. हालांकि कंपनियों को कीमत तय करने की स्वतंत्रता रहेगी.

